Assam

रिपुन बोरा की कांग्रेस में वापसी पर निर्णय एआईसीसी लेगा: भूपेन बोरा

गुवाहाटी, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा के कांग्रेस में शामिल होने के संबंध में निर्णय ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिपुन बोरा प्रदेश कांग्रेस के सर्वोच्च प्रदेश अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं, इसलिए रिपुन बोरा के विषय में निर्णय लिया जाना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। यदि एआईसीसी से कहा जाएगा तो वह (भूपेन बोरा) प्रदेश कांग्रेस के साथ ही ब्लॉक तथा जिला कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से इस संदर्भ में बात कर सकते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 8 सितंबर को चराईदेव में प्रदेश कांग्रेस के वर्धित कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ ही कांग्रेस के जिला एवं प्रखंड अध्यक्ष भाग लेंगे। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी महासचिव आदि भी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 400 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। प्रस्ताव के रूपरेखा एपीसीसी द्वारा तैयार की जा चुकी है। इस प्रस्ताव पर बैठक में चर्चा करने के बाद इसे पारित किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष बोरा आज यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top