

जौनपुर, 31 मई (Udaipur Kiran) । पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के तहत एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला और खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में धर्म, समाज और संस्कृति के संरक्षण व विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कार्य करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई की राजधानी महेश्वर उनके शासनकाल में साहित्य, संगीत, कला और उद्योग का केंद्र थी उनकी राजधानी में कारीगर, कलाकार, मूर्तिकार आदि को उनके कार्यों के लिए बढ़िया वेतन मिलता था। उन्होंने महेश्वर में कपड़ा उद्योग की भी स्थापना करवाई थी। वह रोज अपनी जनता की तकलीफों को सुनने के लिए दरबार लगाया करती थीं और हमेशा न्याय के लिए उपलब्ध रहती थीं।
राज्य मंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चंद यादव ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर के समय किसानों पर किसी भी तरह का जुल्म नहीं होता था और उन्हें काफी अधिकार भी मिले हुए थे। उनकी बनवाई सड़कें चौड़ी होती थी और उनके किनारे पेड़ भी होते थे। उन्होंने कई भीलों को खानाबदोश जीवन त्याग करवा कर उन्हें किसान के रूप में भी बसवाया था।
इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या और करंजाकला ब्लॉक की पूनम यादव मौजूद रहीं। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर बीजेपी के तमाम नेता पदाधिकारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
