
जौनपुर,17 मई (Udaipur Kiran) । लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में त्रिशताब्दी स्मृति अभियान को लेकर शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष भाजपा मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।डॉ. अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में अहिल्याबाई होल्कर के जीवन को त्याग, तपस्या, धार्मिकता, परोपकार और कुशल प्रशासन का आदर्श बताया। उन्होंने कहा, अहिल्याबाई का जीवन नारी सशक्तिकरण और सामाजिक सुधार का प्रतीक है। उनके कार्य आज भी प्रशासन और समाज सेवा के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
मुख्य अतिथि जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल ने अहिल्याबाई होल्कर के देश के प्रति योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा,मुगल शासकों ने भारतीय संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन अहिल्याबाई ने अपने राजकोष से धन देकर मंदिरों और धार्मिक स्थलों को संरक्षित किया। विशेष रूप से काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया और काशी में अन्नक्षेत्र, पाठशालाएं और घाटों का निर्माण करवाकर तीर्थनगरी की गरिमा को पुनर्जन्म दिया। उन्होंने आगे कहा, अहिल्याबाई ने भारतीय संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। उन्होंने बताया कि 21 से 31 मई 2025 तक जिले में महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक जागरूकता पर केंद्रित विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह अभियान अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके नारी सशक्तिकरण, धार्मिक सुधार व सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों को पुनर्जनन का अवसर प्रदान करेगा।बैठक में जिला संयोजक अनुपमा राय सहित सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धनंजय कश्यप ने एवं आभार ज्ञापन राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव ने किया।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
