Uttrakhand

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज से नई दिल्ली में मिले कृषि मंत्री, रेशम विकास की परियोजनाओं के लिए मांगी वित्तीय स्वीकृति

नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज से मिले कृषि मंत्री जोशी, रेशम विकास की परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति का आग्रह

– उत्तराखंड में सितंबर में सिल्क एक्सपो व रेशम घर के उद्घाटन के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मांगा समय

देहरादून, 24 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से शिष्टाचार भेंट की। कृषि मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से केंद्रीय रेशम बोर्ड (वस्त्र मंत्रालय) की ओर से उत्तराखंड में रेशम विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं के लिए धनराशि अनुमोदित करने का अनुरोध किया।

कृषि मंत्री जोशी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से देहरादून में 199.22 लाख रुपये से पोस्ट कोकून सेक्टर के सुदृढ़ीकरण कार्य व देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर में 509.65 लाख से ओक टसर विकास परियोजना, जनपद चमोली, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ एवं चंपावत में शहतूती रेशम के विकास के लिए छह क्लस्टर एवं जनपद बागेश्वर में मूंगा रेशम विकास (वन्या क्षेत्र) में 13.19 करोड़ से क्लस्टर निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति का आग्रह किया।

कृषि मंत्री ने मंत्री गिरिराज सिंह को बताया कि रेशम विभाग की ओर से सिल्क पार्क देहरादून में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहयोग से ‘रेशम घर’ का निर्माण किया जा रहा है। जोशी ने कहा कि आगामी माह में सिल्क एक्सपो भी लगाया जाना प्रस्तावित है। इसमें विभिन्न राज्य प्रतिभाग करेंगे। इस कार्यक्रम से दून सिल्क को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और रेशम किसानों को रोजगार से जोड़ा जा सकेगा। मंत्री जोशी ने सितंबर माह में ‘सिल्क एक्सपो’ तथा ‘रेशम घर’ के उद्घाटन के लिए केंद्रीय मंत्री से समय प्रदान करने का आग्रह भी किया। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने इन सभी बिंदुओं पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण कुमार सक्सैना

Most Popular

To Top