धर्मशाला, 29 मई (Udaipur Kiran) ।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने वीरवार को कांगड़ा जिले के ज्वाली क्षेत्र से विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रो. चंद्र कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इस दौरान किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, आधुनिक बीज किस्में, ड्रोन तकनीक, डिजिटल कृषि, कृषि स्टार्टअप्स, पीएम किसान, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि किसानों की आय में वृद्धि करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। विकसित कृषि संकल्प अभियान के माध्यम से किसानों को नई सोच, नई तकनीक और नई नीतियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के सफल संचालन हेतु 40 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें कृषि, बागवानी, पशुपालन विभागों के विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केन्द्रों व कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों तथा स्थानीय किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर, डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सोलन, और आईसीएआर के वैज्ञानिकों ने किसानों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही, जिन किसानों की मिट्टी का परीक्षण किया गया, उन्हें मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
