नई दिल्ली, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में महाराष्ट्र के भी पांच पर्यटकों की मौत हुई है। वहीं पहलगाम में राज्य के कई अन्य पर्यटकों के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। इसी के मद्देनजर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पहलगाम में फंसे पर्यटकों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ान का अनुरोध किया है।
इस स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तत्परता दिखाते हुए केंद्र सरकार से फंसे हुए पर्यटकों की सुरक्षित वापसी की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से टेलीफोन पर बातचीत कर फंसे लोगों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ान सेवा शुरू करने का आग्रह किया।
शिंदे के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री नायडू ने आश्वासन दिया कि जैसे ही प्रभावित पर्यटकों की सूची उपलब्ध होगी, तुरंत मुंबई के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था की जाएगी।
इस बीच, उपमुख्यमंत्री कार्यालय (डीसीएमओ) ने भी पुष्टि की है कि केंद्रीय स्तर पर इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, नागपुर की एक महिला कश्मीर के पहलगाम शहर के पास आतंकवादी हमले से बचने के लिए एक पहाड़ी से कूद गई, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। सीएमओ ने एक्स पर पोस्ट किया, पहलगाम, कश्मीर में आतंकवादी हमले के समय नागपुर का एक परिवार भी वहां था। गोली की आवाज सुनकर वे एक पहाड़ी से कूद गए। सिमरन रूपचंदानी गिर गईं और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
राज्य सरकार ने कहा है कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और संकट की इस घड़ी में हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। यह पहल महाराष्ट्र सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रमाण है, जो संकट में फंसे नागरिकों की मदद के लिए तुरंत हरकत में आई है।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
