Haryana

ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री का हरियाणा आगमन गौरवशाली क्षण : मोहन लाल बडौली

फोटो कैप्शन 5आरटीके3 : मंगल कमल कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली -----------

हिसार में 15 ताे यमुनानगर में 12 जिलाें के कार्यकर्ता लेंगे भाग

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली बैठक में बनाई रणनीति

रोहतक, 5 अप्रैल (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को हरियाणा में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शनिवार को रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय मंगल कमल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सांसद सुभाष बराला, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, कृष्ण बेदी सहित अनेक पदाधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। साथ ही प्रधानमंत्री के हरियाणा आगमन को लेकर कार्यक्रर्ताओं की जिम्मेदारियां भी इस बैठक में तय की गई। बाद में पत्रकारो से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा में प्रथम आगमन है और प्रदेश के लिए गौरवशाली क्षण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को हरियाणा को दो बडी सौगात देगे, जिसमें हिसार में एयरपोर्ट का उद्धाटन व यमुनानगर थर्मल पॉवर प्लांट की नई इकाई का शिलान्यास करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा ने 27 जिले बनाए है। उन्होंने बताया कि 15 जिलों के कार्यकर्ता हिसार में और 12 जिलों के कार्यकर्ता यमुनानगर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी सुबह 9 बजे हिसार में और 11 बजे यमुनानगर में जनसभा को भी संबोधित करेगे। मोहन लाल बडौली ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में बसता है। मन की बात कार्यक्रमों में भी पीएम मोदी हरियाणा की चर्चा करते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 8 और 9 अप्रैल को 377 मंडलों की कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। हरियाणा में लगभग 45 हजार सक्रिय सदस्य हैं। साथ ही सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन में तीन-तीन वक्ता होंगे जो तीन विषयों पर जानकारी कार्यकर्ताओं को देंगे। भाजपा की रचना योजना में सभी कार्यकर्ताओं को स्थान मिले यह फैसला बैठक में लिया गया है। इसलिए जो सक्रिय कार्यकर्ता है उन्हें संगठन में काम करने का मौका दिया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 10, 11 और 12 अप्रैल तक गांव चलो अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ता शहर व गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे और भाजपा की रीति नीति से अवगत कराएंगे।

रोहतक में भी अभी भी रहेगा प्रदेश कार्यालय

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कहा कि लंबे समय से रोहतक में ही भाजपा का प्रदेश स्तरीय कार्यालय रहा है। राजनीतिक दृष्टि से अब पंचकूला शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोहतक अभी भी प्रदेश कार्यालय रहेगा। कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियो के ज्यादा आवागमन के कारण ही पंचकूला प्रदेश कार्यालय शिफ्ट किया जा रहा है। भाजपा ने तीन प्रदेश कार्यालय बनाए हैं जिनमें गुरुग्राम, रोहतक और पंचकूला है। प्रदेश स्तरीय बैठकें क्षेत्रों के हिसाब से इन कार्यालयों में होती है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल

Most Popular

To Top