Madhya Pradesh

देवास में युवती से दुष्कर्म के बाद आरोपी ने जमकर पीटा, घायल पड़ी मिली पीड़िता

पीड़ित युवती को इंदौर ले जाते हुए एम्बुलेंस

देवास, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के देवास जिले में भौंरासा थाना क्षेत्र अंतर्गत 20 साल की अनुसूचित जाति की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती से दुष्कर्म करने के बाद उसकी जमकर पिटाई की। सोमवार सुबह वह घायल हालत में पड़ी मिली। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार शौकत मंसूरी ने इस घटना को अंजाम दिया है। युवती रविवार रात को शौच के लिए गई थी, इसी दौरान आरोपी ने उसे पकड़कर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी युवती को सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया। परिजन ने सुबह थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने थाने पहुंचकर जानकारी ली।

सीएसपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि एक युवती को जिला अस्पताल में लाया गया था। पीड़िता की मां ने बताया गया कि एक व्यक्ति उसे रात में ले गया था। सुबह वह घायल अवस्था में मिली। जिला अस्पताल में उसका उपचार किया गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान है। उसे इंदौर एमवाय अस्पताल रेफर किया।

परिजन ने बताया कि बेटी रात के समय शौच करने गई थी, उसके बाद वह घर नहीं लौटी। इसके बाद हमने रातभर इधर-उधर ढूंढा। पड़ोस में रहने वाल एक व्यक्ति सुबह खेत में प्याज काटने के लिए आया था। उसने लड़की को वहां देखा और परिवार को जानकारी दी। मानकुंड का कोई व्यक्ति ले गया था ऐसी जानकारी मिली है। फिलहाल वह घर पर ही काम करती थी। पढ़ाई छोड़ चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राजेश सोनकर भी पहुंचे, जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव व अन्य भाजपा नेताओं के साथ एसपी पुनीत गेहलोद से चर्चा कर आरोपित को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की बात कही। इधर, पुलिस ने आरोपित शौकत मंसूरी निवासी मानकुण्ड के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपित शौकत की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद देवास से एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, टीआई बीएनपी अमित सोलंकी भी भौंरासा पहुंच गए। आरोपित की तलाश में भौरासा, बीएनपी, हटपिपलिया, सोनकच्छ सहित अन्य थानों के पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपित के मकान को तोड़ने की मांग भी उठाई है। इधर पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top