Madhya Pradesh

मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने के बाद सीहोर जिला भी करेगा विकास के नए दौर में प्रवेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सीहोर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम
सीहोर में विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन कार्यक्रम में मोहन यादव

– मुख्यमंत्री ने की सीहोर नगरपालिका के विकास के लिये 50 करोड़ रुपये देने के साथ ही अनेक घोषणाएं

भोपाल, 7 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अगर किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल जाए तो उनकी फसल सोना हो जाती है। सीहोर जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश को विकसित करने और बेहतर से बेहतर कार्य करने के लिए हमारी सरकार संकल्पित है। विकास का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा। मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने के बाद भोपाल एवं अन्य क्षेत्रों के साथ ही सीहोर जिला भी विकास के नये दौर में प्रवेश करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सीहोर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ 113 करोड़ 45 लाख 59 हजार रूपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम आवास, कल्याणी पेंशन, परिवार सहायता, संबल, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति-पत्र भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सीहोर नगर पालिका को विकास कार्यों के लिये 50 करोड़ रुपये देने क ेसाथ ही जिले के विकास के लिए अनेक घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीहोर की यह पावन धरती वर्ष 1857 में हुए स्वतंत्रता संग्राम के क्रांति बिगुल की साक्षी है। जिस प्रकार जलियांवाला बाग में स्वतंत्रता के लिए क्रांतिकारियों ने अपने प्राण न्यौछावर किए, उसी प्रकार इस पावन धरती पर 356 क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री रहते हुए जो योजनाएं और विकास के कार्य प्रारंभ किए, उन्हें आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। प्रदेश की लाड़ली बहनों के सशक्तिकरण के लिए बनी योजना की राशि को तीन हजार रूपये तक बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश विकास की दौड़ में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश एवं प्रदेश के निरंतर विकास की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों से 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेंहू की खरीदी की जा रही है। प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। मध्य प्रदेश में आज 30 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और आने वाले 02 साल के भीतर प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान और सम्मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने देश के दुश्मनों को घर में घुसकर मारने का काम किया है, इस महान कार्य में देश की जनता ने भी सरकार का एकजुट होकर साथ दिया है। भारत जियो और जीने दो की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान, विधायक सुदेश राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संबोधित किया और जिले एवं सीहोर नगर की विभिन्न विकास की आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, विधायकगण रमाकांत भार्गव, गोपाल सिंह इंजीनियर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष नावड़ी बाई, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top