
पुष्कर सरोवर घाटों पर गंदगी व अव्यवस्था पर पुरोहितों ने दर्शाई नाराजगी
अजमेर,7 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री की सोमवार को पुष्कर की प्रस्तावित यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है।
उपखंड कार्यालय में बैठक करने के बाद अधिकारियों ने ब्रह्मा मंदिर, पवित्र सरोवर और हेलीपैड स्थल का किया निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ब्रह्मा मंदिर के दर्शन, पवित्र सरोवर की पूजा अर्चना के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बताया जाता है कि वे वंदे गंगाजल आयोजन के सिलसिले में अजमेर, केकड़ी अन्य स्थानों पर यात्रा के लिए आ रहे हैं।
इस बीच अजमेर पुष्कर तीर्थ पुरोहितों ने पुष्कर सरोवर की दुर्दशा को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए अधिकारियों को शिकायत की है। ब्रह्म घाट पर निरीक्षण के दौरान तीर्थ पुरोहित ओमप्रकाश पाराशर के नेतृत्व में अधिकारियों को सरोवर की हो रही दुर्दशा को लेकर शिकायत की गई। इस दौरान एडीएम सिटी गजेंद्र सिंह, उपखंड अधिकारी गौरव कुमार मित्तल, एडिशनल एसपी दीपक कुमार शर्मा, सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, पुष्कर नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा, वन विभाग के मानसिंह, जलदाय विभाग से भोलाराम सिंह रावत, तहसीलदार दिनेश यादव सहित कई अधिकारी मौजूद थे। पुरोहितों ने बताया कि पुष्कर सरोवर के घाटों की साफ सफाई को लेकर कोई इंतजाम नहीं हैं। घाटों पर आवारा पशुओं का विचरण तो है ही सरोवर में मछलियां मर कर घाटों किनारे पहुंच रही है तो उन्हें भी तत्काल उठाने वाला कोई नहीं है। घाटों के किनारे श्रद्धालुओं के द्वारा चढ़ाई जाने वाली सामग्री को एकत्र करने अथवा सरोवर के पानी को साफ करने के लिए भी पर्याप्त साधन संसाधनों का अभाव है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में पुरोहित सहयोग के लिए तैयार है किन्तु प्रशासन की और से कोई कारिंदे यहां गंभीर होकर काम नहीं करते। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री के आगमन पर पुरजोर आवाज में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / संतोष
