Jharkhand

अदाणी फाउंडेशन ने भव्य रूप से मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

गोड्डा, 7 मार्च (Udaipur Kiran) । अदाणी फाउंडेशन की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिकटिया मैदान स्थित महिला आईटीआई परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की प्रतिष्ठित महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया और समाज में परिवर्तन लाने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मोतिया पंचायत के मुखिया अशोक चौधरी, डुमरिया पंचायत की मुखिया किरण देवी, समाजसेवी तिलक झा, अदाणी पावर प्लांट के अधिकारी मनीष कुमार, प्रणव पांडा, सुब्रत देवनाथ, अभिमन्यु आनंद तथा अदाणी फाउंडेशन के रिजनल हेड जयंत मोहंती, संतोष सिंह और सीएसआर टीम के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन के जरिये महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, आजीविका और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिनका लाभ हजारों परिवारों को मिल रहा है।

अदाणी फाउंडेशन ने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए हैं। इनमें कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करना, मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट्स के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं देना और गरीब परिवारों की बेटियों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराना शामिल है।

इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 100 से अधिक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, समाजसेवी, स्वरोजगार में अग्रणी महिलाएं और ग्रामीण विकास में सक्रिय महिलाएं शामिल थीं।

सम्मानित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह अदाणी फाउंडेशन की पहल से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा दी जा रही मदद से न सिर्फ उनकी आजीविका में सुधार हुआ है, बल्कि वे अब अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं। अदाणी फाउंडेशन की ओर से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 500 से अधिक महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा 500 से अधिक महिलाओं को जैविक खाद तैयार करने का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है।

अदाणी फाउंडेशन के अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि वे महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को आगे भी जारी रखेंगे। रिजनल हेड जयंत मोहंती ने कहा, महिला सशक्तीकरण केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि समाज की प्रगति के लिए एक आवश्यक कदम है। हम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

अंत में, अदाणी फाउंडेशन के सभी अधिकारियों और अतिथियों ने महिलाओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और समाज में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / रंजीत कुमार

Most Popular

To Top