

रामगढ़, 27 नवंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद के दिवंगत पिता के श्राद्ध कर्म में शामिल होने रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत मुरुबंदा गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी और गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन थीं। मुख्यमंत्री ने विधायक योगेंद्र प्रसाद के दिवंगत पिता विश्वनाथ महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली अर्पित करते हुए नमन किया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल विधायक, उनकी मां और परिवार के सभी सदस्यों से मिलकर ढांढस बंधाया।
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उमाकांत रजक, विकास सिंह मुंडा, ममता देवी, पूर्व मंत्री बेबी देवी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, शहजादा अनवर, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, पूर्व विधायक अर्जुन राम, झामुमो बोकारो जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी, मंटू यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
विधायक योगेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी पूर्व विधायक बबीता देवी ने सभी अतिथियों और सहयोगियों को भागवत गीता भेंट कर स्वागत किया। गोमिया विधानसभा क्षेत्र सहित रामगढ़ सहित अन्य जगहों से काफी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और जनता भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल रही।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
