
नारनाैल, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वी राजा शेखर वुंडरू ने बुधवार को जिला में चल रही रबी फसल की सरकारी खरीद का जायजा लेने के लिए नारनौल अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उपायुक्त डॉ विवेक भारती भी मौजूद रहे। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अब तक हुई खरीद के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों की फसल की रकम उनके खाते में निर्धारित समय में भेजी जानी चाहिए। इस संबंध में मुख्यमंत्री खुद समय-समय पर समीक्षा करते हैं।
उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए। उन्होंने नारनौल अनाज मंडी में भी किसानों के लिए कैंटीन की स्थापना करने के निर्देश दिए। इस बारे में उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक जिला महेंद्रगढ़ में एक लाख तीन हजार 65 मीट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है। जिला में लगभग 76 फ़ीसदी उठान कार्य हो चुका है। अब तक जिला महेंद्रगढ़ में सरसों खरीद के बाद किसानों के खाते में लगभग तीन अरब 99 करोड़ 25 लाख रुपये की रकम डाल दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में गेहूं की नौ हजार तीन सौ 45 मीट्रिक टन खरीद हुई है। ज्यादातर गेहूं सतनाली, महेंद्रगढ़ तथा कनीना अनाज मंडी में पहुंचा है। इस मौके पर नारनौल के एसडीएम रमित यादव, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कुशलपाल बूरा, सहायक जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अरुण सैनी, डीएम हैफेड प्रवीण कुमार, डीएम वेयर हाउस रेखा मलिक तथा डीएमयू सत्यप्रकाश के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला
