CRIME

दुष्कर्म के आरोपित को गोली मारकर किया घायल

बांदा, 08 जून (Udaipur Kiran) । दुष्कर्म के आरोप में पूर्व में जेल जा चुका एक युवक शनिवार रात गोली का शिकार हो गया। उसे सीने में गोली मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत चिंताजनक होने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

तिंदवारी थाना क्षेत्र के परसौजा गांव की घटना है। यहां के रहने वाले अर्जुन (28) को रात करीब 9:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। अर्जुन ने गोली मारने का आरोप उस परिवार पर लगाया है, जिसकी बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोप में वह पूर्व में जेल गया था। वह हाल ही में रिहा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। तिंदवारी थाना प्रभारी ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ अर्जुन ने आरोप लगाए हैं, घटना के वक्त वे गोखरही गांव में मौजूद थे, जो घटनास्थल से 6-7 किलोमीटर दूर है। इसलिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह गौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घायल युवक हाल ही में दुष्कर्म के मामले में जेल से छूटकर आया था। उसने पुरानी रंजिश के चलते वादी पक्ष पर गोली मारने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने नामजद सभी आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बताते चले कि गोली लगने से घायल घायल युवक ने 2024 में गांव की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। जिसमें युवक को पकड़कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। दाे माह पहले ही वह जेल से छूट कर आया था, जिसे शनिवार की रात संदिग्ध अवस्था में गोली लगी है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Most Popular

To Top