CRIME

रायगढ़ : महिला से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपित गिरफ्तार

रायगढ़, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भुपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अधेड़ युवक ने महिला से दुष्कर्म की कोशिश की। इसके बाद महिला का पत्थर से सिर कुचलकर मौके से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, किरोड़ीमलनगर की 21 वर्षीय महिला खरसिया के एक होटल में अपने पति के साथ तंदूरी बनाने का कार्य करती थी। दो दिन पहले पति किसी कार्य से रायगढ़ गया था जो घर लौट नहीं पाया था। इसलिए पति की तलाश करने बगल में ही रहने वाले मुंह बोले मौसा लल्ली उर्फ विजय मेहरा और उसकी पत्नी को साथ लेकर वे रायगढ़ गए। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब पति मुकेश नही मिला तो कथित मौसा मौसी के साथ 13 अक्टूबर रात 7 बजे टिटलागढ़ पैसेंजर से वे वापस खरसिया लौटने लगे। इस बीच लल्ली उर्फ विजय की पत्नी ट्रेन चढ़ नही पाई। लिहाजा महिला अपने मौसा के साथ ही ट्रेन से लौट रही थी।

बताया जाता है कि टिटलागढ़ पैसेंजर भुपदेवपुर रेलवे स्टेशन के पहले कोंडताराई रेलवे क्रॉसिंग पर रुक गई। जिसे स्टेशन समझकर दोनों उतर गए। इधर ट्रेन के जाने के बाद जब गलत जगह उतरने का अहसास हुआ तो उक्त दोनों पटरी किनारे पैदल ही स्टेशन की ओर जाने लगे।।

अंधेरी रात और सुनसान जगह देखने के बाद मौसा की नीयत बदल गई, उसने अपनी मुंह बोली भतीजी के साथ जबरन बलात्कार करने की कोशिश की। मौसा का यह रूप देख महिला अवाक रह गई। उसने खुद को बचाने की कोशिश की। इस बीच मौसा द्वारा महिला से मारपीट करते हुए उसके सिर को पत्थरो से कुचल दिया गया। बाद में महिला को मरा हुआ समझ वह मौके से फरार हो गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अपने घर मध्यप्रदेश जाने के लिए ट्रेन से रवाना हो गया था। इधर दशहरा की रात जब मामले की जानकारी मिली तो पुलिस एक्शन में आ गई। तहकीकात शुरू की गई। इस बीच आरोपित के फरार होने की सूचना मिली। लिहाजा इंस्पेक्टर सीताराम ध्रुव की टीम ने सक्ति रेलवे स्टेशन पर फिल्मी स्टाइल में ट्रेन को चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपित को आज मंगलवार को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई।

—————

(Udaipur Kiran) / रघुवीर प्रधान

Most Popular

To Top