
नई दिल्ली, 6 जून (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जहांगीरपुरी क्षेत्र में हुए कुख्यात गैंगवार के मुख्य आरोपितों में से एक विपिन (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपित करीब सात महीने से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। गैंगवार में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा के अनुसार यह झगड़ा 20-21 अक्टूबर 2024 की रात को हुआ था। प्रिंस गैंग और नरेंद्र पहलवान गैंग के बीच पुरानी रंजिश के चलते भिड़ंत हो गई थी। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने जमकर फायरिंग और चाकूबाजी की थी। इस हिंसक घटना में दीपक जो प्रिंस गैंग से जुड़ा हुआ था, की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं नरेंद्र और सूरज नामक युवक चाकू और गोली लगने से घायल हुए थे। मामले को लेकर क्रॉस एफआईआर जहांगीरपुरी थाने में दर्ज की गई थीं।
इस वारदात के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपितों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे। डीसीपी के अनुसार पांच जून को हेड कांस्टेबल नवल को गुप्त सूचना मिली कि विपिन अपने साथियों से मिलने जहांगीरपुरी आने वाला है। सूचना काे पुख्ता कर एक टीम गठित की गई और योजना के अनुसार घेराबंदी कर आरोपित को दबोचा।
पूछताछ में विपिन ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंगवार के दिन मौजूद था। उसने बताया कि उसका दोस्त दीपक पत्रकार, जो मारा गया, उसे इस गिरोह में लाया था। दोनों गैंगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। आगे जांच में पता चला है कि विपिन ने 9वीं तक पढ़ाई की है। वह आजादपुर मंडी में मजदूरी करता था। आर्थिक तंगी के चलते वह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया और धीरे-धीरे गैंग का हिस्सा बन गया।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
