Haryana

कैथल में हादसा, इंग्लैंड निवासी युवक की माैत

इलाज के लिए पैतृक गांव आया हुआ था मृतक युवक

कैथल, 4 मार्च (Udaipur Kiran) । कैथल में सोमवार की रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटने से कार सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई। मृतक इंग्लैंड का नागरिक था और इलाज के लिए अपने पैतृक गांव में आया था। मृतक की पहचान सीवन निवासी अनमोल सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, अनमोल का दोस्त कैथल के डोहर गांव में रहता था। उसने एक मार्च को नई स्विफ्ट गाड़ी खरीदी थी। सोमवार रात को अनमोल और उसका दोस्त साथ थे। कार अनमोल चला रहा था। रात करीब 11 बजे जब वह पोलड़ गांव के पास पहुंचे तो सडक़ में बने गड्ढे के कारण कार अनियंत्रित हो गई। कार हवा में उछलकर सडक़ किनारे रखी ईंटों के ढेर पर पलट गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कार ईंटों के ढेर पर उलटी हो गई थी। लोगो ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अनमोल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त को भर्ती कर लिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अनमोल का शव कब्जे में ले लिया। दोस्त से पहचान के बाद अनमोल के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस को दिए बयानों में परिजनों ने बताया कि अनमोल अपने माता-पिता के साथ इंग्लैंड में रहता था। वह परमानेंट रेजिडेंट था। इंग्लैंड में अनमोल की बाजू टूट गई थी। एक महीना पहले ऑपरेशन कराने के लिए भारत आया था। कुछ समय बाद उसे वापस इंग्लैंड लौटना था। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।

(Udaipur Kiran) / मनोज वर्मा

Most Popular

To Top