Madhya Pradesh

हादसा : ऑटो रिक्शा को कार चालक ने टक्कर मारी, पिता-पुत्री की मौत

हादसा: ऑटो रिक्शा को कार चालक ने टक्कर मारी,पिता-पुत्री की मौत

उज्जैन,25 जनवरी (Udaipur Kiran) । शुक्रवार रात एक हादसे में ऑटो रिक्शा को कार चालक ने टक्कर मार दी। इस घटना में पिता-पुत्री की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने शनिवार सुबह चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

चिमनगंज मण्डी थाना पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात ऑटो चालक शेख जीशान अपने परिवार के साथ ऑटो में घर जा रहा था। ऑटो में पत्नि सहाना,बेटा आरिश ओर बेटी अनबिया बैठे थे। रात्रि करीब 11 बजे एमआर-5 पर पेट्रोल पम्प के सामने से उसने यू टर्न लिया। तभी पाण्ड्याखेड़ी ब्रीज की ओर से तेज गति से आ रही मारूति वेन ने ऑटो को सिधी टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो परखचे उड़ गए। इधर कार चालक असंतुलित होकर किनारे पर खड़ी ट्रेक्टर ट्राली से टकराया और उसके बाद नाले में वेन घुस गई।

पुलिस के अनुसार ऑटो में बेठी सहाना की गोद में एक वर्षीय बेटी अरबिया की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने सभी को चरक अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान शेख जीशान की भी मौत हो गई। घायल सहाना और आरिश का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि मारूति वेन में पांच लोग सवार थे। घटना के बाद उसमें से तीन लोग निकलकर भाग गए वहीं दो को पुलिस ने पकड़ लिया,जोकि नशे में थे।

शनिवार सुबह क्षेत्र के लोगों ने इस मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि इस मार्ग पर कहीं भी स्पीड ब्रेकर नहीं है। कहने के बावजूद नगर निगम ध्यान नहीं देती है। इस मार्ग के दोनों ओर सघन कालोनियां है। दिनभर हजारों लोगों की आवाजाही के बीच भारी वाहन दौड़ते रहते हैं। सूचना मिलने पर चिमनगंज मण्डी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे ओर मामला संभाला तथा जाम समाप्त करवाया।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Most Popular

To Top