Delhi

डूसू चुनाव 2024 के लिए अभाविप ने की चुनाव समिति की घोषणा

नई दिल्ली, 08 सितंबर (Udaipur Kiran) । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2024 के लिए रविवार 8 सितंबर को चुनाव समिति की घोषणा कर दी है। चुनाव लड़ने वाले अभाविप के डूसू प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनाव संबंधी सभी महत्वपूर्ण निर्णय अभाविप की यह चुनाव समिति ही तय करती है।

डूसू चुनाव समिति का अध्यक्ष अभाविप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. तपन बिहारी को बनाया गया है। इसके अलावा अभाविप की चुनाव समिति में अभाविप की अखिल भारतीय छात्रा प्रमुख मनु शर्मा कटारिया, अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री शिवांगी खरवाल, प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री, प्रदेश संगठन मंत्री राम कुमार, प्रदेश सह-संगठन मंत्री विपिन उनियाल, डूसू अध्यक्ष तुषार डेढ़ा, डूसू सचिव अपराजिता, एवं उत्तरी विभाग प्रमुख डॉ. ललित पांडेय सम्मिलित रहेंगे। चुनाव समिति गठित होने के साथ ही रविवार से ही डूसू चुनावों में संभावित प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा के लिए बैठकें भी समिति द्वारा शुरू हो गई हैं।

अभाविप दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष एवं घोषित की गई चुनाव समिति के अध्यक्ष डॉ. तपन बिहारी ने कहा कि, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2024 के निमित्त गठित हुई इस चुनाव समिति ने संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार करना शुरू कर दिया है।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी कॉलेजों में चलाए गए डूसू इन कैंपस अभियान को छात्रों की अच्छी प्रतिकिया मिल रही है। अभाविप ने हमेशा से दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं का सजगता से प्रतिनिधित्व किया है एवं उनकी हर समस्याओं में साथ खड़े रहे हैं। हम अभाविप के संभावित प्रत्याशियों के नामों की शीघ्र घोषणा करेंगे।

अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की डीयू की सभी कॉलेज इकाइयां छात्र-छात्राओं से निरंतर बातचीत कर अभाविप नीत पिछले डूसू के कामकाज के बारे में अवगत करा रही हैं। साथ ही अभाविप के इस वर्ष के डूसू चुनाव मुद्दों एवं मेनिफेस्टो हेतु छात्र छात्राओं के सुझाव भी एवं राय ली जा रही है। छात्रों से संपर्क के माध्यम से आ रही प्रतिक्रियाएं उत्साहवर्धन करने वाली है। चुनाव समिति की बैठकें शुरू होने के साथ ही अभाविप के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार प्रारंभ हो गया है, जिसके उपरांत शीघ्र ही तय नामों की घोषणा की जायेगी

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top