Delhi

24 साल बाद हत्या के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 03 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने उत्तम नगर इलाके में गांव के युवक से कहासुनी होने के बाद अपने सहयोगियों के साथ मिलकर राम स्वरूप उर्फ मोदी यादव (32) की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। बाद में सभी फरार हो गए। एक आरोपित मंटू यादव को पुलिस ने हत्या के बाद ही गिरफ्तार कर लिया जबकि बाकी आरोपित पुलिस की आंखों में धूल झोंकते रहे।

करीब 24 साल पहले हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने अब एक आरोपित को बिहार के नालंदा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान सकेंदर कुमार उर्फ सक्की (44) के रूप में हुई है। आरोपितों ने राम स्वरूप की हत्या करने के बाद पॉलीथिन में लपेटकर उसका शव दफना दिया था। कई दिनों बाद हत्याकांड का राज खुला था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी सतीश कुमार ने बताया कि चार फरवरी 2000 को चंदो यादव नामक युवक ने अपने भाई राम स्वरूप के गायब होने की सूचना उत्तम नगर थाना पुलिस को दी थी। पीड़ित ने बताया कि वह नालंदा से अपने गांव के रहने वाले पप्पू यादव की मटियाला स्थित फैक्टरी में काम के लिए आया था।

उसके भाई को आखिरी बार पप्पू यादव, मंटू यादव, सकेंदर यादव उर्फ सक्की और विजय यादव के साथ देखा गया था। पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो रामस्वरूप की सड़ी-गली लाश मटियाला की फैक्टरी के कमरे से बरामद हो गई। लाश को पॉलीथिन में लपेटकर दफनाया हुआ था। जांच के बाद पुलिस ने मंटू यादव को दबोच लिया।

मंटू ने उस समय खुलासा किया कि उसके भाई पप्पू यादव से रामस्वरूप का झगड़ा हो गया था। इसलिए उसने पप्पू यादव, सकेंदर यादव उर्फ सक्की और विजय यादव के साथ मिलकर रामस्वरूप की हत्या कर दी। हत्याकांड के खुलासा के बाद बाकी आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपित सकेंदर कुमार बिहार के नालंदा में छिपा हुआ है। बिहार टीम भेजकर आरोपित को दबोच लिया गया।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी / रामानुज

Most Popular

To Top