Gujarat

बनासकांठा की वाव सीट पर आआपा भी ठोंकेगी ताल

भाजपा, कांग्रेस और आआपा का चुनाव चिह्न

अहमदाबाद, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । गुजरात में आगामी 13 नवंबर को होने वाला वाव विधानसभा सीट का उपचुनाव इस रोमांचक होने के आसार हैं। इस उप चुनाव में आम आदमी पार्टी (आआपा) ने भी अपना उम्मीदवार देने की घोषणा की है। पिछले विधानसभा चुनाव में आआपा और कांग्रेस ने आपस में सीटों पर समझौता कर लड़ा था। इस बार आआपा और कांग्रेस के बीच बना गठबंधन इस उपचुनाव में टूट जाएगा।

बनासकांठा की वाव विधानसभा सीट कई मायनों में कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए अहम है। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा के सामान्य चुनाव में कांग्रेस राज्य में चारों खाने चित हो गई थी लेकिन उत्तर गुजरात के बनासकांठा में उसे 9 सीटों में 3 सीट मिली थी। बनासकांठा जिले की इस सीट से विजेता बनी गेनीबेन ठाकोर बाद में वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में बनासकांठा लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतारी गईं। वे यहां से जीत गईं, जिससे कांग्रेस का गुजरात में इस इकलौती सीट से खाता खुला। अब कांग्रेस इस सीट को हर हाल में जीत कर उत्तर गुजरात में अपने संगठन को मजबूत आधार देने की कोशिश में है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली आआपा ने इस सीट पर अबकी अपना उम्मीदवार खड़ा करने की घोषणा की है। इससे कांग्रेस और आआपा के बीच राज्य में गठबंधन टूट जाएगा।

आआपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ रमेश पटेल ने कहा कि आआपा इस उप चुनाव में उम्मीदवार उतारेगी। जानकारी के अनुसार डॉ रमेश पटेल वाव सीट से खुद भी दावेदार हैं। डॉ पटेल प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन हैं और डीसा में इनका आर्थोपेडिक हॉस्पिटल है। वह वर्ष 2022 में डीसा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। आआपा नेता के अनुसार लोकसभा चुनाव में हमने कांग्रेस को पूर्ण समर्थन दिया था परन्तु लोकसभा चुनाव अलग मुद्दों पर लड़ा गया था। उस समय भाजपा और नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध एक होकर लड़ने की जरूरत थी। अब राज्य के मुद्दे अलग है, इसलिए पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।

टिकटार्थियों में इनके नाम की चर्चा

उपचुनाव की घोषणा के साथ तीनों ही पार्टियों के दावेदार भी अपने-अपने तरीके से लॉबिंग करने लगे हैं। कांग्रेस की ओर से केपी गढवी, गुलाबसिंह राजपूत, ठाकरशी रबारी और मावजी पटेल दावेदार हैं। इसी तरह भाजपा की ओर से मुकेश ठाकोर, शैलेष चौधरी, स्वरूपजी ठाकोर, करशनजी ठाकोर, लालजी पटेल और रजनी पटेल मजबूत दावेदार हैं। आआपा से डॉ रमेश पटेल मजबूत दावेदार बताए जा रहे हैं।

————————–

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top