Gujarat

जूनागढ़ : उपचुनाव की तारीख से पहले आआपा का उम्मीदवार घोषित

गाेपाल इटालिया

जूनागढ़, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । राज्य में एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरम होने लगा है। कांग्रेस के अगले महीने 8-9 अप्रैल को राष्ट्रीय अधिवेशन गुजरात में होने की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (आआपा) ने जूनागढ़ जिले की विसावदर विधानसभा सीट पर पार्टी उम्मीदवार के तौर पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया के नाम की घोषणा की है। चुनाव आयोग ने अभी तक इस सीट के लिए उपचुनाव की तारीख की अभी घोषणा नहीं की है।

गुजरात विधानसभा के वर्ष 2022 में हुए चुनाव में जूनागढ़ जिले की विसावदर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के भूपत भयाणी ने भाजपा के हर्षद रिबाडिया को हरा कर जीत हासिल की थी। इसके बाद भायाणी 13 अप्रैल, 2023 को विधानसभा की सदस्या से इस्तीफा दे दिया था। इसकी वजह से यह सीट अभी खाली है। गुजरात की राजनीतिक महत्व की इस सीट पर वर्ष 1995 से लेकर वर्ष 2022 तक लेउवा पाटीदार के उम्मीदवार ही जीत हासिल करते रहे हैं। वर्ष 1995 में भाजपा के केशुभाई पटेल इस सीट से चुनाव जीतकर पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।

आम आदमी पार्टी के संगठन महामंत्री मनोज सोरठिया ने बताया कि विसावदर विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए आआपा ने गोपाल इटालिया का चयन किया है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 गुजरात विधानसभा चुनाव में इटालिया सूरत शहर की कतारगाम सीट से चुनाव लड़े थे। इस सीट पर उनकी हार हुई थी।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top