
अमेठी, 6 मई (Udaipur Kiran) । जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पूरे सुरजू तिवारी खौदिया गांव के रहने वाला युवक अपने ही चाचा की बेटी की शादी में गांव तुनियातर मजरे कस्थूनी पश्चिम में शामिल होने गया था। जहां पर भद्दौर गांव के कुछ लड़कों से विवाद हो गया । इसके बाद लड़कों ने मारपीट करते हुए युवक को अवैध तमंचे से गोली मार दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच पड़ताल तथा आवश्यक कार्यवाही में जुटी हुई है।
उल्लेखनीय है कि यह घटना सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे घटी है। जब संजय यादव उम्र करीब 28 वर्ष पुत्र संतराम यादव निवासी पूरे सुरजू तिवारी खौदिया थाना मुसाफिरखाना अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए इसी थाना क्षेत्र के गांव तुनियातर मजरे कस्थूनी पश्चिम गया हुआ था। जहां पर शादी में खाना खाने के दौरान जब महिलाएं भोजन कर रही थी तभी एक युवक शराब के नशे में महिलाओं के बीच में खाना खा रहा था। दो-तीन लड़के मिलकर उसको मना करने गए । इसके बाद वह उन पर हमलावर हो गया। तभी उनके साथी भी वहां पर आ गए। इसी दौरान शैलेंद्र नाम के युवक ने अवैध तमंचे से संजय यादव को गोली मार दिया। गोली लगने पर संजय यादव वहीं पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए। घर वालों ने तत्काल घायल अवस्था में संजय को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचे। जहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने तत्काल युवक को गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन संजय को इलाज के लिए लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर ले गए हैं जहां पर उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल संजय की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस मामले में मुसाफिरखाना के पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह ने मंगलवार काे बताया कि थाना मुसाफिरखाना में राजदुलार यादव की तहरीर पर संतोष यादव, सुनील यादव, शैलेंद्र यादव को नामजद करते हुए कुछ अन्य साथी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उपरोक्त सभी आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है जल्दी ही सबको गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी
