Madhya Pradesh

कार्यकर्ता उस बीज की तरह है जो समय आने पर वटवृक्ष बन लोगों को छांव देता हैः डॉ. मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव
संगठन पर्व कार्यक्रम

कटनी, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को कटनी जिले के अरिंदम होटल में मुड़वारा विधानसभा के बूथ स्तरीय संगठन पर्व को संबोधित कर लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलायी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रित दल है। भाजपा के अंदर पहले लोकतांत्रिक प्रक्रिया से सदस्यता अभियान चलता है और फिर लोकतांत्रिक तरीके से संगठन का निर्माण होता है। कार्यकर्ता उस बीज की तरह है जो मुट्ठी में बंद हो जाता है, लेकिन समय आने पर वटवृक्ष बनकर लोगों को छांव देता है।

कटनी जिले के लिए वरदान साबित होगी बहोरीबंद सिंचाई परियोजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत व परिश्रम से भाजपा ने पिछले चुनावों में इतिहास बनाने का कार्य किया है। संगठन पर्व में भी इसी तरह मेहनत कर लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर इतिहास बनाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र और मध्यप्रदेश की सरकार लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। आज ही बहोरीबंद में करीब 1100 करोड़ की सिंचाई परियोजना की आधारशिला रखी है। यह परियोजना बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सिंचाई के लिए नर्मदा जल पहुंचाने के लिए शुरू की गई है। इस परियोजना से 151 गांवों की 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि नर्मदा जल से सिंचित होगी, जिससे बहोरीबंद तहसील के 86 गांव, स्लीमनाबाद तहसील के 43 गांव, रीठी तहसील के 17 और कटनी के पांच गांव लाभान्वित होंगे। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन किया और अपना बलिदान दे दिया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जैसे ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनी जम्मू-कश्मीर से 370, 35-ए हटाकर कलंक मिटाने का कार्य किया है। स्व. अटल बिहारी वाजपेई को याद करते हुए मुख्यंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी कोर समिति, इकाई का गठन और हमारे कार्यकर्ता के महत्व को लेकर स्व. अटलजी ने कहा था कि “ये दायित्व तो बदलते रहेंगे’’। अटलजी ने पांच-पांच प्रधानमंत्रियों के साथ 50 साल तक विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया।

भाजपा का हर कार्यकर्ता समर्पित, रचेंगे इतिहासः विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित है। जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हों, उस पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए कोई लक्ष्य बड़ा नहीं हो सकता। आप सभी भाजपा कार्यकर्ता हर लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम हैं। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि संगठन पर्व को भी चुनाव की तरह लें और घर-घर संपर्क कर प्रधानमंत्री मोदी की केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मध्यप्रदेश भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाएं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, हम सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन पर्व में भी इतिहास रचने का कार्य करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता टोली बनाकर गांव-गांव, गली, माहेल्ले और मजरे-टोलों में जाएं और देश को मजबूत बनाने, भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लोगों को भाजपा का सदस्य बनाएं।

गणेश चौक स्थित विघ्नहर्ता मंदिर में की पूजा अर्चना

संगठन पर्व कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा कटनी के गणेश चौक स्थित विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेशजी के मंदिर में पूजन-अर्चन कर यहां विरातिज भव्य गणेश प्रतिका की आरती की। संगठन पर्व कार्यक्रम में कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, विधायक संदीप जायसवाल, धीरेन्द सिंह, महापौर प्रीति सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पीताम्बर टोपनानी, रामरत्न पायल, शशांक श्रीवास्तव व संगठन पर्व जिला प्रभारी संजय साहू सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top