Gujarat

गुजरात में जनांदोलन बनेगा ‘एक पेड़ मां के नाम’

Bhupendra Patel

– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रेरित है ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान

-अहमदाबाद महानगर पालिका 100 दिनों में 30 लाख पौधे लगाएगी

गांधीनगर, 22 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यावरण अनुकूल विचार ‘एक पेड़ मां के नाम’ को आत्मसात कर गुजरात में इस अभियान का जनांदोलन के रूप में विस्तार करने का संकल्प किया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर राज्य के वन विभाग की ओर से इस राज्यव्यापी अभियान को और अधिक तेजी देने के आयोजन को अंतिम रूप दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा के साथ-साथ ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने के उपाय के रूप में बड़े पैमाने पर पेड़ लगाने के लिए देश भर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू कराया है। हाल ही में, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने इस अभियान का शुभारंभ कर भारत और दुनिया भर के लोगों को अपनी माता के साथ मिलकर या माता को श्रद्धांजलि के रूप में एक पेड़ लगाने की प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में इस संदर्भ में आयोजित बैठक में बताया गया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आगामी सितंबर-2024 तक पूरे राज्य में 12.20 करोड़ पेड़ तथा मार्च-2025 तक कुल मिलाकर 17 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के समक्ष वन विभाग की ओर किए गए पौधरोपण का विवरण देते हुए कहा गया कि भारत सरकार के ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर दर्ज देश के सभी राज्यों में किए गए पौधरोपण की जानकारी के अनुसार गुजरात ने अब तक 33 जिलों में 4 करोड़ 3 लाख 33 हजार पौधे लगाकर देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य में आयोजित होने वाले 75वें वन महोत्सव के दौरान भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का तहसील और ग्रामीण स्तर के वन महोत्सवों तक विस्तार किया जाएगा और कुल मिलाकर 10.50 करोड़ पौधों का वितरण किया जाएगा।

अहमदाबाद में ‘मिशन थ्री मिलियन ट्रीज’

उधर, अहमदाबाद महानगर पालिका की ओर से भी इस अभियान के अंतर्गत ‘मिशन थ्री मिलियन ट्रीज’ के तहत 100 दिनों में 30 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अहमदाबाद महानगर पालिका ने राज्य के शहरी क्षेत्रों में भी इस पर्यावरण प्रिय विचार को आगे बढ़ाते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत ‘मिशन थ्री मिलियन ट्रीज’ का बहुआयामी आयोजन किया है।

अहमदाबाद महानगर पालिका ने 100 दिनों में 30 लाख पौधरोपण के नवीन दृष्टिकोण की शुरुआत की है। महानगर के 48 वॉर्ड और 7 जोन सहित लगभग 15 से 20 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में पौधे लगाने का आयोजन है। इस पौधरोपण से अहमदाबाद शहर के मौजूदा हरित आवरण में 6 से 8 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बैठक में अहमदाबाद महानगर में बगीचों, तालाबों, मनपा के स्वामित्व वाले पार्टी-प्लॉट, इमारतों, स्कूल परिसरों और सड़क किनारों पर पौधरोपण तथा मियावाकी पद्धति से पौधरोपण आदि में बड़े पैमाने पर जनभागीदारी को जोड़ने के सुझाव भी दिए। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव राज कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव पंकज जोशी, प्रधान सचिव मोना खंधार, अश्विनी कुमार, संजीव कुमार, मुख्यमंत्री की सचिव अवंतिका सिंह सहित वन विभाग तथा अहमदाबाद महानगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top