Jharkhand

ट्रैफिक पुलिस और टेंपो चालक में जमकर मारपीट, एक जवान घायल

मारपीट की तस्वीर

रांची, 09 जून (Udaipur Kiran) । रांची के कटहलमोड़ पर ट्रैफिक पुलिस और एक ऑटो चालक के बीच हुई मारपीट का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्रैफिक व्यवस्था संभाले जवानों पर अचानक ऑटो चालकों का झुंड टूट पड़ा। नियम तोड़ने पर एक युवक को जवानों ने पकड़ा तो उसे छुड़ाने के लिए चार-पांच युवक टूट पड़े। जवानों पर मुक्के बरसाने लगे। देखते-देखते कई युवक जमा हो गये।

उस वक्त मौके पर एक ट्रैफिक और दो होमगार्ड जवान मौजूद थे। युवकों ने ट्रैफिक जवानों को पीटना शुरू कर दिया, लेकिन ट्रैफिक के जवानों ने हिम्मत नहीं हारी। एक जवान ने पास की दुकान से डंडा निकालकर उस युवक के पैर पर मारा, जो इस उपद्रव के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार था। इसी बीच उसी युवक ने एक जवान पर पीछे पत्थर से हमला बोल दिया। सिर के पीछे पत्थर लगते ही होमगार्ड जवान रोहित गंझू जमीन पर गिर गया।

ट्रैफिक जवानों पर जानलेवा हमला करने के बाद सभी युवक फरार गये। इतना होने के बावजूद जवानों ने एक युवक को नहीं छोड़ा। उससे पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि हमले में शामिल युवकों को तत्काल धर दबोचने और सलाखों के पीछे भेजने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। वहीं घायल होमगार्ड जवान रोहित गंझू का प्राथमिक उपचार कटहल मोड़ के पास मौजूद रिंची अस्पताल में कराया गया। फिलहाल घायल जवान का इलाज रांची के सदर अस्पताल में चल रहा है। रोहित मूल रूप से चतरा के रहने वाले हैं। खास बात है कि मौके वारदात पर मौजूद आम शहरवासियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इसमें साफ दिख रहा है कि कैसे युवकों ने पुलिस कर्मियों पर हमला बोला था। होमगार्ड एसोसिएशन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं झारखण्ड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पाण्डेय ने रांची यातायात पुलिस पर हुए असामाजिक तत्व की ओर से किया गया घटना निंदनीय है और वैसे लोगों कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता जो जनता के रक्षक पर ही जानलेवा घटना को अंजाम दे रहे हैं l झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ऐसी घटना का पुरजोर भर्त्सना करती है और अविलंब गिरफ्तारी की मांग करता हैl

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top