
-वाराणसी में सुबह बदली और बादलों की गरज के बाद दिन में तल्ख धूप
वाराणसी, 06 जून (Udaipur Kiran) । जिले में सुबह बदली और बादलों की गरज के बाद पूर्वाह्न से निकली तल्ख धूप ने फिर अधिकतम तापमान को बढ़ा दिया। शहर में शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा की रफ्तार 08 किमी प्रति घंटा और आद्रता तीस फीसद दर्ज की गई। बीते गुरूवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 5 दिनों के दौरान शुष्क मौसम रहेगा।
माैसम विभाग के बीएचयू केन्द्र की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक प्रदेश को प्रभावित कर रहे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर अवस्थित द्रोणी के पूर्वी दिशा में खिसकने के साथ ही प्रदेश के आसपास कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण 06 जून शुक्रवार से वर्षा का वर्तमान दौर थम जाने तथा गर्म सतही पछुआ हवाओं के प्रभाव से आगामी 4-5 दिनों के दौरान तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद पुनः पुरवा हवाओं का संचलन आरम्भ होने से 11 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश से वर्षा का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। फिलहाल सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ निचले क्षोभमंडल 2-3 किमी ऊपर बना द्रोणी अब पूर्वांचल से पूर्वी दिशा में खिसक रहा है। ऐसे में आसपास कोई भी प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। बारिश का भी दौर थम चुका है, जिससे पछुआ हवा के चलते आने वाले 4-5 दिनों में 4 से 6 डिग्री तक तापमान बढ़ा सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
