Uttar Pradesh

एक राष्ट्र एक चुनाव देश और जनता के लिए उपयोगी कदम : बेबी रानी मौर्या

अतिथिगण

प्रयागराज, 21 अप्रैल (Udaipur Kiran) । एक राष्ट्र एक चुनाव देश और जनता के लिए उठाया गया उपयोगी कदम है। जिसकी बात राष्ट्र हित में भाजपा कर रही है। अगर एक साथ सभी चुनाव हो तो इसके कई फायदे हैं। यह देश और जनता के लिए उपयोगी कदम है। यह बातें मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या ने कही।

मंत्री सोमवार को एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर आर्य कन्या डिग्री कॉलेज मुट्ठीगंज में आयोजित संगोष्ठी काे संबाेधित कर रही थी। उन्होंने आगे कहा कि एक लोकसभा चुनाव में कई लाख करोड़ रुपये खर्च होता है। एक साथ चुनाव होने से देश का बहुत सारा पैसा बचेगा। जो लोग चुनाव के लिए काला धन इकट्ठा करके रखते हैं वो भी बंद हो जाएगा। एक साथ चुनाव कराने से देश को आर्थिक लाभ होगा। इसी के दृष्टिगत भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई गई। जिससे संबंधित अपनी रिपोर्ट में उन्हाेंने कहा कि 32 दलों ने एक राष्ट्र एक चुनाव का समर्थन किया है। कई देशों में एक राष्ट्र एक चुनाव होता है। पूर्व चुनाव आयुक्त, पूर्व राजनयिक व पूर्व जजों ने भी एक राष्ट्र एक चुनाव का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि बार बार चुनाव से जनता में नकारात्मकता आती है और बार बार वोट डालने जाना पड़ता है। पुलिस व अन्य सुरक्षा बल भी एक राज्य से दूसरे राज्य में चुनाव कराते कराते थक जाते हैं। एक साथ चुनाव होने से हमारा देश और उन्नति करेगा और 2047 तक हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो विश्व गुरु बनने का सपना है वो भी पूरा होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय विजय लक्ष्मी ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक मशीनरी का कम उपयोग करना है। जैसे प्राइमरी टीचर को भी चुनाव में लगा दिया जाता है। जिससे बच्चों की शिक्षा बाधित होती है। संसद में भी इस पर वोटिंग हुई। इसके पक्ष में अधिक वोट पड़े। अगर सभी चुनाव साथ हों तो मतदाता से लेकर प्रशासन तक सभी को राहत मिलेगी तथा ये देश हित में होगा। ये भारतीय लोकतंत्र को और मजबूत करेगा।

पूर्व सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि बार बार चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होता है और पैसे की बर्बादी होती है। काले धन का उपयोग होता है। इसके अलावा नीति आयोग ने भी कई बार कहा कि एक साथ चुनाव होना चाहिए। बार बार वोटर लिस्ट बनाई जाती है और लोकसभा, विधानसभा, नगर निगम तथा पंचायत की अलग अलग वोटर लिस्ट बनाई जाती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान ने कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक कल्पना मिश्रा एवं शिखा रस्तोगी रही, संचालन प्रोफेसर रंजना त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान, जिलाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा महानगर शिखा रस्तोगी, गंगापार रूपम त्रिपाठी, जमुनापार सरिता मिश्रा, आकांक्षा सोनकर, प्रबंधक पंकज श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य अर्चना पाठक, जिला मीडिया प्रभारी महानगर राजेश केसरवानी, गंगापार उमेश तिवारी, पार्षद सुनीता चोपड़ा एवं अर्चना सोनकर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top