Bihar

गांधी मैदान में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज पढ़ी ,मुख्यमंत्री ने भी वहां पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी

मुख्यमंत्री ईद के मौके पर पर्व में शिरकत करते

पटना, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने आज धूमधाम से ईद मनाया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज पढ़ी।

पटना के गांधी मैदान में सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वहां पहुंचे और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

इस मौके पर गांधी मैदान में मुख्यमंत्री ने इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी से मुलाकात कर उनसे मोसाफा किया और ईद की मुबारकबाद पेश की। इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी ईद की मुबारकबाद दी तथा बिहार की सुख, समृद्धि, प्रगति, उन्नति एवं विकास की कामना की।

इससे पूर्व इदैन कमिटी के सदर महमूद आलम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गुलदस्ता भेंटकर एवं साफा पेश कर उनकी इज्जत अफजाई की। मुख्यमंत्री ने तमाम नमाजियों सहित मुस्लिम भाई-बहनों एवं बिहारवासियों तथा देशवासियों को ईद की मुबारकबाद एवं बधाई दी।

इस अवसर पर ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो इर्शादुल्लाह, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक बरबड़े, जिलाधिकारी, पटना चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना अवकाश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इसके अलावा सबसे पहले जिले के चितारेगना ईदगाह पर 6:30 बजे नमाज अता की गई। पुरानी बाजार मस्जिद में भी नमाजियों ने नमाज पढ़ी कुल 37 जगहो पर ईद के मौके पर पुलिस मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top