RAJASTHAN

लाेकदेवता बाबा रामदेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे, रास्तेभर में सेवादार हैं तैयार

लाेकदेवता बाबा रामदेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे, रास्तेभर में सेवादार हैं तैयार....

बीकानेर, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । भक्त खड़ा थारे द्वार लियां छोटी अरदास, म्हाने दर्शन देवो…लोक देवता बाबा रामदेवजी को समर्पित भजन की यह पंक्तियां अब साकार होने लगी है। अवसर है बाबा रामदेवजी के मेले का। इस माह में दशमी को बाबा का मेला भरेगा। इसको लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए बीकानेर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों और प्रदेश के अलग-अलग जिलों, अन्य प्रदेशों से भी आते हैं। पदयात्रियों की सेवा के लिए रास्ते में दर्जनों सेवादार संस्थाएं सक्रिय रहती है। सेवादारों के जत्थे बीकानेर से शनिवार से ही रवाना होना शुरू हो जाएंगे। पैदल के रास्तों में कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए जाएंगे। बीकानेर से ही कई संस्थाएं पद यात्रियों की सेवा में मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी। वहीं कोलकाता, दिल्ली, चेन्न्ई, हैदराबाद, मुम्बई सहित महानगरों से भी बड़ी संख्या में सेवादार संस्थाएं पद यात्रियों के लिए आई है।

जैसलमेर रोड से जयकारों के साथ शुक्रवार को बाबा के दर्शन के लिए जाते हरियाणा के दर्शना्र्थी। राजस्थान के अलावा दूसरे प्रदेशों हरियाणा, पंजाब सहित अन्य प्रदेशों के श्रद्धालु तो अभी पैदल के लिए निकले पड़े हैं। शुक्रवार को जैसलमेर रोड पर हरियाणा से आए पद यात्रियों का जत्था जयकारों के साथ आगे बढ़ रहा था। बीकानेर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अमावस्या और एकम को बड़ी संख्या में पैदल जातरुओं के जत्थे रवाना होंगे। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजमार्ग पद यात्रियों से अट जाएगा।

पदयात्रियों की सेवा में बीकानेर से बड़ी संख्या में सेवा संस्थाएं जाएगी। यह पैदल के रास्ते में श्रद्धालुओं को भोजन, चाय, नाश्ता, विश्राम, तेल मालिश सहित सेवाएं देगी। भुट्‌टा चौराह के समीप खंडेलवाल मिष्ठान भंडार के आगे 28 अगस्त से ही सेवा शिविर शुरू हो गया है। शिविर संचालक बनवारीलाल रावत के अनुसार यहां पर पदयात्रियों के लिए भोजन, चाय, नाश्ता की व्यवस्था की गई है। यह 4 सितंबर तक जारी रहेगा। बीकानेर से मुम्बई-अहमदाबाद का बीकानेर ब्राह्मण स्वर्णकार सेवा ट्रस्ट का सेवा जत्था होगा। इसमें एक रथ में 26 किलो चांदी से निर्मित बाबा रामदेवजी की प्रतिमा भी होगी। यह शहर के विभिन्न मोहल्लो से होते हुए रामदेवरा जाएगी। यह ट्रस्ट 31 अगस्त से 7 सितंबर तक सेवाएं देगा।

रामदेव मित्र मंडल कोलकाता की ओर से बीते दिन बैनर का विमोचन किया गया। श्री रामदेव मित्र मंडल मंडल, कोलकाता की ओर से इस बार भी पैदल यात्रियों के लिए सेवा शिविर लगाया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से पदयात्रियों की सेवा में बीते 55 साल से सेवा कार्य किया जा रहा है। मंडल के सचिव पूनम रंगा ने बताया कि इस बार कानजी सिड़, शेखासर और डाली बाई के आसपास शिविर लगाया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चाय, नाश्ता, चिकित्सा, नहाने, विश्राम करने की व्यवस्था की गई है। सेवादारों का जत्था सामग्री के साथ अमावस्या को बीकानेर से रवाना होगा। यह शिविर 4 से 11 सितंबर तक चलेगा।

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top