HimachalPradesh

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा की प्रोफेशनल मीट, गिनाईं उपलब्धियां

भाजपा की प्रोफेशनल मीट

शिमला, 21 जून (Udaipur Kiran) । केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में “प्रोफेशनल मीट” का आयोजन किया। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, रवि मेहता, संजय ठाकुर और अन्य नेता मौजूद रहे।

रिज मैदान पर केंद्र सरकार की 11 साल की योजनाओं पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसका उद्घाटन भाजपा नेताओं ने किया। प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय सुरक्षा, वैश्विक पहचान, डिजिटल भारत और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े आंकड़े और उपलब्धियां प्रदर्शित की गईं।

संजय टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प से सिद्धि के मंत्र को सिद्ध करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ष अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष पेश करती है, जबकि कांग्रेस केवल वादे करती है और कागजों में ही घोषणाएं सीमित रह जाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का सिद्धांत है “संकल्प से धोखा” जबकि भाजपा “संकल्प से सिद्धि” पर काम करती है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा है, अंत्योदय का सपना साकार किया है और भारत को तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पहले देश में 1 जीबी डाटा ₹900 में मिलता था, अब ₹3 में मिल रहा है। देश में अब 52 करोड़ बैंक खाते हैं, और जेंडर रेशियो भी बढ़कर 1020 हो गया है।

उन्होंने कहा कि कभी भारत को सपेरों का देश कहा जाता था, लेकिन अब देश अटल टनल, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और चेनाब ब्रिज जैसी उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। कोविड काल में भारत ने न केवल अपनी वैक्सीन बनाई बल्कि अन्य देशों को भी भेजी। उन्होंने कहा कि डीबीटी और डिजिलॉकर जैसी योजनाओं ने जनता को सशक्त बनाया है। मनरेगा में पहले मिलने वाला लाभ आज दोगुना हुआ है और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार के चलते देश सशक्त और सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन गया है और ब्रह्मोस, एस-400 और राफेल जैसे आधुनिक हथियार देश में बन रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि आतंकवाद पर भारत अब पूरी मजबूती से जवाब देता है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने तीन तलाक, धारा 370, 35ए को खत्म किया, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 3 करोड़ से अधिक आवास, और हर घर जल जैसी योजनाएं लागू कीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का मकसद केवल मोदी को रोकना था, लेकिन जनता ने उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब केवल ठोस कामों पर विश्वास करती है और मोदी सरकार पर भरोसा कायम है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top