Bihar

अकेला रहेने वाला परिवार क्या समझेगा : राबड़ी देवी

राजद राज्य परिषद की बैठक में लालू-राबड़ी, तेजस्वी सहित मंगनी लाल मंडल

-राजद राज्य परिषद की बैॅॅॅॅठक में निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बने मंगनी लाल मंडल

पटना, 19 जून (Udaipur Kiran) ।

पटना के ज्ञान भवन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राज्य परिषद की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस मौके पर बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने कहा कि हमारा परिवार बिहार है और जो अकेला होता है वो परिवार नहीं है। नीतीश पर हमला बोलते हुए राबड़ी ने कहा कि जो अकेला रहेगा वो परिवार क्या समझेगा?

बिहार में 20 साल से राजग गठबंधन की सरकार है लेकिन गरीबों की हालत जस की तस बनी हुई है। गरीबों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। यह सरकार गरीबों की नहीं है।

राबड़ी ने कहा कि आज हमारी राज्य परिषद की बैठक में जो तेजस्वी तय करेगा उसको आगे बढ़ाना है। चुनाव में सबको एक साथ जोड़ना है। सब धर्म जाति सबको साथ लेकर चलना है। कोई ऐसी जाति नहीं है जिसे हमने अपनी पार्टी में जगह नहीं दिया। तेजस्वी सत्तू खाते है तब भी मजाक उड़ाया जाता है। जिसको जितना गाली देना है दीजिए सब आगे पता चल जाएगा।

राबड़ी देवी ने कहा कि तेजस्वी पार्टी को लेकर आगे चल रहे हैं। पार्टी के लोगों ने तय किया है कि राजद को आगे बढ़ाना है, इसके लिए हम सभी को मेहनत करना होगा। इसलिए आप सब भी मेहनत कीजिए। आज स्थिति यह है कि सरकार के लोग हमें बदनाम करते हैं। हमारे कार्यकाल को जंगलराज कहते हैं जबकि हकीकत यह है कि आज महाजंगल राज नहीं बल्कि महाराक्षस राज है।

राबड़ी ने कहा कि लोगों को घर में घुसकर मारा जा रहा है। बेटियों का बलात्कार हो रहा है। हमलोग की पार्टी में कुछ होता है तो मीडिया में खबरें चलने चलती है। राबड़ी देवी ने पार्टी के लोगों को एकजुट रहने की बात कही। राबड़ी ने कहा कि सरकार जनता को ठगने का काम कर रही है। मोदी जी बिहार आते हैं तो कहते हैं कि 5 किलो अनाज देंगे? मैं पूछती हूं की 5 किलों अनाज से क्या होगा? 5 किलो अनाज क्या एक महीना लोग खा लेंगे। यह ऊंट के मुंह में जीरा के समान है।

इससे पहले राबड़ी देवी ने राष्ट्रीय जनता दल के नए प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को निर्विरोध चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। आज की इस बैठक में पूर्व सीएम राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल,अब्दुलबारी सिद्दिकी, रामचंद्र पूर्वे, सुनील सिंह सहित राजद के कई नेता शामिल हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top