Jharkhand

महात्मा फुले के नाम पर हो रातू रोड फ्लाईओवर : माली समाज

सांसद से मिलते माली समाज के लोग

रांची, 18 जून (Udaipur Kiran) । जिला माली (मालाकार) कल्याण समिति ने झारखंड की राजधानी में हाल ही में निर्मित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाईओवर) का नामकरण महात्मा ज्योतिबा राव फुले पथ करने की मांग की है।

इसके साथ ही समिति ने फ्लाईओवर के दोनों छोर पर महात्मा फुले और माता सावित्रीबाई फुले की संयुक्त आदमकद प्रतिमा या स्मृति चिह्न लगाने का अनुरोध किया है। समिति ने इस संबंध में रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मिलकर बुधवार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले ने समाज में शिक्षा, समानता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया है। उनके विचार और योगदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।

समिति के अध्यक्ष सुरेश मालाकार ने बताया कि पूरे झारखंड में अभी तक महात्मा फुले के नाम पर कोई मार्ग, प्रतिमा, पार्क या अन्य स्मारक नहीं है। ऐसे में राजधानी रांची के इस महत्वपूर्ण फ्लाईओवर का नामकरण उनके नाम पर होना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया है कि फ्लाईओवर के दोनों छोर, विशेष रूप से पिस्का मोड़ (जहां से पंडरा और आईटीआई की ओर मार्ग अलग होता है), वहां महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले की संयुक्त आदमकद प्रतिमा या साइड मूर्ति स्थापित की जाए। समिति ने आशा व्यक्त की है कि सांसद संजय सेठ इस मांग को उचित मंच पर उठाएंगे और एक सकारात्मक निर्णय लेकर माली समाज सहित समस्त समाज को सम्मान देंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top