Sports

मुंबई सिटी ने जोथनपुइया के साथ तीन साल का करार किया, मिडफील्ड को मिलेगी नई मजबूती

मुंबई सिटी ने जोथनपुइया के साथ तीन साल का करार किया

मुंबई, 16 जून (Udaipur Kiran) । इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब मुंबई सिटी एफसी ने मिजोरम के उभरते मिडफील्डर जोथनपुइया को अपने साथ जोड़ने की घोषणा की है। 20 वर्षीय जोथनपुइया ने आइज़ॉल एफसी से मुंबई सिटी में तीन साल का करार किया है।

जोथनपुइया, जिन्हें प्यार से ‘पुइपुइया’ कहा जाता है, ने 2022 में मिजोरम की इलेक्ट्रिक वेंग एफसी से अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने आई-लीग 2 में ओरांजे एफसी और 2024 कलकत्ता लीग में सदर्न समिटी का प्रतिनिधित्व किया। 2024-25 सीज़न में उन्होंने आइज़ॉल एफसी के लिए 20 मैचों में 3 गोल और 2 असिस्ट दर्ज किए, जिससे उन्होंने मिडफील्ड में अपनी उपयोगिता साबित की।

मुंबई सिटी एफसी ने नए सीजन के लिए अपनी टीम को युवा और ताज़ा ऊर्जा से लैस करने का फैसला किया है। जोथनपुइया का आगमन 2025-26 सीजन और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए मिडफील्ड को नई गहराई और संतुलन देगा।

जोथनपुइया ने कहा कि मुंबई सिटी एफसी से जुड़कर मैं बेहद उत्साहित हूं। यह एक प्रतिष्ठित क्लब है जिसने कई खिताब जीते हैं। मैं टीम के लिए योगदान देना चाहता हूं और यहां के अनुभवी खिलाड़ियों से सीखते हुए खुद को और बेहतर बनाना चाहता हूं। ISL में खेलना मेरा सपना था और अब वह सपना मुंबई सिटी के साथ साकार हो रहा है।”

वहीं, मुंबई सिटी के डायरेक्टर सुझय शर्मा ने कहा कि जोथनपुइया एक युवा और होनहार खिलाड़ी हैं, जिन्होंने शुरुआती वर्षों में ही अपनी प्रतिभा दिखा दी है। मिडफील्ड में उनकी विविधता और योगदान करने की क्षमता हमारी टीम के लिए फायदेमंद होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top