Madhya Pradesh

मंडला में पुल की रैलिंग तोड़ते हुए  नदी में गिरा रेत से भरा डंपर, चालक की मौत

मंडला में पुल की रैलिंग तोड़ते हुए  नदी में गिरा रेत से भरा डंपर

मंडला, 16 जून (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के रेत से भरा एक डंपर बलई नदी के पुल से 30 फीट नीचे गिर गया। दुर्घटना में डंपर चालक की मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार हादसा साेमवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ है। जिले के नारायणगंज के पास मंडला-जबलपुर एनएच-30 पर रेत से भरा डंपर बेकाबू होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 30 फीट नीचे बलई नदी में जा गिरा। बताया गया कि डंपर मंडला से जबलपुर की तरफ तेज रफ्तार में जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण हाईवा अनियंत्रित हो गया और बलई पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में गिर गया। जैसे ही हाईवा नदी में गिरा, आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल टिकरिया पुलिस को दी।

इधर, घटना की जानकारी लगते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव का कार्य शुरू किया। अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। पुलिस ने लगातार प्रयास कर नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया, जिसकी पहचान जबलपुर जिले के मानेगांव निवासी प्रहलाद सिंह (35) के रूप में हुई। रेत से भरे हाईवा में कितने लोग सवार थे, इसकी सटीक जानकारी फिलहाल, अबतक नहीं मिल सकी है। संभावित अन्य सवारों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। टिकरिया पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से बलई नदी में सघन तलाशी अभियान चला रही है। 10 बजे तक सिर्फ एक शव ही बरामद हुआ है और अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम बाकी लोगों को ढूंढने का लगातार प्रयास कर रही है।

थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि डंपर मंडला से जबलपुर की ओर जा रहा था। शव को नारायणगंज मॉर्चुरी भेज दिया गया है। चालक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top