Uttrakhand

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की अनंतिम सूची प्रकाशित

जिलाधिकारी वंदना सिंह।

नैनीताल, 14 जून (Udaipur Kiran) ।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के अंतर्गत नैनीताल जनपद में जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के आरक्षण की अनंतिम सूची जिलाधिकारी वंदना सिंह की ओर से जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार जनपद की पंचायत प्रणाली में सामाजिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न वर्गों के लिये आरक्षण तय किया गया है।

जिला पंचायत के 27 पदों में से 4 पद अनुसूचित जाति की महिलाओं, 3 पद अनुसूचित जाति, एक पद पिछड़ी जाति की महिला, एक पद पिछड़ी जाति, 9 पद अन्य महिलाओं एवं 9 पद अनारक्षित रखे गए हैं। वहीं 8 विकास खंडों में क्षेत्र पंचायत प्रमुखों यानी ब्लॉक प्रमुखों के पदों में धारी अनुसूचित जाति की महिला, रामगढ़ अनुसूचित जाति, हल्द्वानी, कोटाबाग व रामनगर अन्य महिलाओं के लिये आरक्षित किये गये हैं जबकि ओखलकांडा, भीमताल व बेतालघाट अनारक्षित रखे गये हैं। इसी प्रकार ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिये भी वर्गवार आरक्षण निर्धारित किया गया है।

आरक्षण की इस अनंतिम सूची पर आपत्ति देने की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी के 13 जून की रात्रि में जारी आदेश के अनुसार 14 से 15 जून की सायं 5 बजे तक आपत्तियां संबंधित कार्यालय में दी जा सकती हैं। सूची व विस्तृत जानकारी जनपद प्रशासन की वेबसाइट एवं आरक्षण संबंधी लिंक पर उपलब्ध है।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top