Uttar Pradesh

विमान दुर्घटना : आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने जताया शोक

मृतकों की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना

साझा संस्कृति मंच ने प्लेन क्रैश में मृतकों की शांति के लिए की सर्वधर्म प्रार्थना

वाराणसी,13 जून (Udaipur Kiran) । अहमदाबाद में हुए दुखद विमान दुर्घटना में दिवंगत यात्रियों के आत्मा की शांति के लिए शुक्रवार शाम को नगर में अलग—अलग जगहों पर शांति पाठ के साथ श्रद्धांजलि दी गई। साझा संस्कृति मंच के कार्यकर्ताओं ने शाम को कचहरी स्थित अम्बेडकर पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। सभा में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सर्वधर्म प्रार्थना में भाग लिया।

सभा मे गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्त्री जागृति राही ने कहा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध और शोकाकुल कर दिया है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों के प्रति हमारी संवेदना है। यह एक अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे इस दुखद घड़ी में उन्हें संबल और धैर्य प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

वरिष्ठ गांधीवादी सुनील सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि राहत एजेंसियां मदद कर रही है। सभा में मोमबत्ती जलाकर अपनी संवेदना व्यक्त की गई। इसी क्रम में सामाजिक संस्था प्रणाम वन्दे मातरम् समिति के सदस्योें ने शुक्रवार को नई सड़क स्थित गीता मंदिर गेट पर अहमदाबाद में हुए दुखद विमान दुर्घटना में दिवंगत यात्रियों को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की । समिति के अध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में सभी सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर समिति ने डॉक्टर, स्टाफ व सभी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। डाक्टर व मेडिकल स्टाफ के लिए प्रतीक रूप में स्टैथोस्कोप व इंजेक्शन सिरिंज रख श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुजरात के अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शुक्रवार को मंत्री ने हादसे में हताहत लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुखद घटना अत्यंत व्यथित करने वाली है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें और घायल यात्रियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

डॉ. दयालु ने विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि विजय रूपाणी का संपूर्ण जीवन सेवा, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। वे जनकल्याण एवं विकास की भावना से प्रेरित होकर लगातार समाज की सेवा में तत्पर रहे। उनकी कार्यशैली और निष्ठा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी। विजय रूपाणी का जाना भारतीय राजनीति के लिए एक गहरी क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करे और उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top