Haryana

जींद : केंद्र में भाजपा के 11 वर्ष पूर्ण होने पर अंत्योदय-सरल केंद्र में लगाई प्रदर्शनी

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनला बडौली।

जींद, 12 जून (Udaipur Kiran) । केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के सफलतापूर्वक 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरूवार को अंत्योदय सरल केंद्र प्रांगण में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का अवलोकन बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली व डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार द्वारा जनहित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और जनकल्याणकारी नीतियों को जन.जन तक पहुंचाना है।

प्रदर्शनी में पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों को चित्रों, ग्राफिक्स और सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से दर्शाया गया है। इसमें विशेष रूप से आर्थिक विकास, सामाजिक न्याय, अवसंरचना विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला गया है। प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में देश को एक नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि 11 वर्षों में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश एवं प्रदेश ने नित नए आयामों को छुआ है। आज प्रदेश व देश के हर वर्ग को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधा मिल रहा है। केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा और अखंडता को मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। भारत आज वैश्विक पटल पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top