
– शिवसागर में जुटे 5,000 से अधिक कार्यकर्ता
शिवसागर (असम), 10 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी की शिवसागर जिला कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को केपीएम हॉल में संपन्न हुई। इस बैठक में असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने शिरकत की और पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। ऐतिहासिक शिवसागर से प्रसाद मेमोरियल हॉल तक कार्यकर्ताओं ने भव्य पदयात्रा के साथ उनका स्वागत किया।
भीषण गर्मी के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बैठक की शुरुआत भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन और मातृवंदना से हुई। इसके बाद महासचिव रातुल गोगोई ने शोक प्रस्ताव और उपाध्यक्ष डॉ. असीम गोगोई ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्ताव के समर्थन में जिला उपाध्यक्ष दीपिका काकति द्वारी, जिला सचिव चिरंजीब बेजबरुवा और पूर्व विधायक द्वारी देव ने संबोधित किया।
जिला अध्यक्ष बितोपन राइडिंगिया ने स्वागत भाषण में सेवा भावना और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। राज्य प्रवक्ता लख्य कोंवर ने ‘संकल्प से सिद्धि तक’ अभियान की जानकारी दी, जिसे केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में शुरू किया गया है।
विधायक सुशांत बूढ़ागोहाईं और जिला प्रभारी अजय कोंवर ने संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने मुख्य भाषण में कार्यकर्ताओं को रणनीतिक मार्गदर्शन दिया और कहा कि आगामी समय में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने हेतु कार्यकर्ताओं को दिन-रात मेहनत करनी होगी। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सतर्क निगरानी रखने और जनसंपर्क को मजबूत करने की अपील की। सैकिया ने प्रचंड गर्मी के बावजूद उनका स्वागत करने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद राज्यसभा सांसद रामेश्वर तेली ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में राज्य एवं जिला पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष व सचिव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और संवाददाता सम्मेलन कर केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
