गुवाहाटी, 9 जून (Udaipur Kiran) । असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई सोमवार को असम विधानसभा की दर्शक दीर्घा में बैठकर एक ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। विधानसभा में डिब्रूगढ़ के मोहनबाड़ी स्थित हवाई अड्डे का नाम भारत रत्न भूपेन हजारिका के नाम पर रखने का सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया गया।
इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अध्यक्ष द्वारा निर्धारित दर्शक दीर्घा में बैठकर गौरव गोगोई ने पूरी कार्यवाही को ध्यानपूर्वक सुना। उनके साथ पूर्व सांसद रिपुन बोरा भी दर्शक दीर्घा में उपस्थित रहे। असम कांग्रेस विधायक दल के नेता देवव्रत सैकिया ने इस ऐतिहासिक प्रस्ताव पर सरकार को धन्यवाद् देते हुए कांग्रेस की ओर से इसका समर्थन किया।
सैकिया ने भूपेन हजारिका की रचनाओं के संरक्षण को लेकर भी विधानसभा में विशेष प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इसके बाद गौरव गोगोई मीडिया से रूबरू हुए और कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब दिए।
दिन के दौरान गौरव गोगोई ने राजीव भवन में कांग्रेस की मिसिंग जनजाति और चाय जनजाति कोष के साथ बैठक की। इन बैठकों में जनजातीय समुदायों के बीच कांग्रेस को कैसे और मजबूत किया जाए, इस पर चर्चा की गई।
इधर, विधानसभा की कार्यवाही में कुछ समय बिताने के बाद गौरव गोगोई, नेता विपक्ष देवव्रत सैकिया और अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी से सौजन्य मुलाकात भी की। अध्यक्ष दैमारी ने गोगोई का स्वागत किया और दोनों पक्षों में बातचीत हुई।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
