Delhi

ऑपरेशन सिंदूर की वीरगाथा को स्मरण करने के लिए मुख्यमंत्री ने सिंदूर का पौधा लगाया

शालीमार बाग के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ विशेष अभियान में शामिल होकर अपनी के मां के सम्मान में सिंदूर का पौधा रोपित करते मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 9 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को शालीमार बाग के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ विशेष अभियान में शामिल होकर अपनी मां के सम्मान में सिंदूर का पौधा रोपित किया। वहीं शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आम का पौधारोपण किया।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वृक्ष के पुष्पों से तैयार होने वाला सिंदूर भारतीय नारी के शौर्य, सम्मान और आत्मबल का प्रतीक है। यह पौधा न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बनेगा, बल्कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरगाथा को भी सदा स्मरण कराता रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारत आज पर्यावरण जागरूकता के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है और प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान हमारे संवेदनशील और सतत विकासशील राष्ट्र की सोच को परिभाषित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि दिल्ली को केवल एक राजधानी नहीं, बल्कि हरियाली, स्वच्छता और संवेदना का प्रतीक बनाया जाए। इसी उद्देश्य से इस वर्ष 70 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक हरी-भरी और स्वस्थ दिल्ली प्रदान की जा सके।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम में दिल्ली की जनता से सीधा संवाद किया। उनकी बातें सुनीं, सुझावों को आत्मसात किया और समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यह जानकारी उन्होंने एक्स पर साझा की।

मुख्यमंत्री ने पोस्ट करते हुए कहा कि जनता का भरोसा ही हमारी असली ताकत है। उनकी आवाज ही हमारी नीति की दिशा तय करती है। दिल्ली सरकार, हर जनमुद्दे पर सजग, संवेदनशील और पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top