


गोरखपुर, 8 जून (Udaipur Kiran) । केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के लगातार 11 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से संकल्प से सिद्धि तक अभियान चलाए जाने की तैयारी है। इस निम्मित रविवार को क्षेत्रीय कार्यालय पर गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष सहजानंद राय की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आहूत की गई।
इस बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री/विधान परिषद सदस्य व क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश को ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है। अब भारत को दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था होने का गौरव प्राप्त हो गया है। भारत विकसित देश की श्रेणी में आने की ओर अग्रसर है। आपरेशन सिंदूर की सफलता से तो भारत को एक सशक्त और समृद्धशाली राष्ट्र की पहचान मिली है। उन्होंने सभी उपलब्धियों को पार्टी के कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने पार्टी पदाधिकारियों को संकल्प से सिद्धि तक अभियान में चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि हर मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित करना है। शहर में मोहल्ला वार और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत वार चौपाल लगाकर मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को बताना है। इस लिए कार्यक्रमों की शुरुआत नौ जून से होगी। बैठक का संचालन अभियान के संयोजक, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने किया। निरंकार त्रिपाठी, सिद्धार्थ शंकर पांडेय, हरिनाथ भाई, राहुल त्रिपाठी, सुधाकर यादव, बृज किशोर राय, राजेश पाल, अभिनय मिश्रा, संदीप पांडेय, नवीन श्रीवास्तव, अभिषेक शुक्ला, दिनेश प्रताप सिंह, संदीप सिंह सन्नी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय
