Uttrakhand

मोदी सरकार के 11 साल : उत्तराखंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को भाजपा ने दिया अंतिम रूप

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार वर्चुअल बैठक लेते हुए।

देहरादून, 08 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 9 जून से 9 जुलाई तक चलने वाले अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। अभियान की शुरुआत 9 जून को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की पत्रकार वार्ता से होगी। प्रदेश में 10 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की देहरादून में पत्रकार वार्ता और 11 व 12 जून को जिलों में पार्टी पदाधिकारी,मंत्री पत्रकार वार्ता करेंगे। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

रविवार को बालवीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में कार्यक्रमों के संदर्भ में भाजपा की प्रदेश मीडिया और सोशल मीडिया टीम की महत्वपूर्ण बैठक वर्चुअल आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने विकसित भारत के अमृतकाल में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया। बैठक में 9 जून से 9 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया टीम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि 09 जून को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की पत्रकार वार्ता के साथ इस अभियान की शुरुआत होगी। प्रदेश में 10 जून को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और 11, 12 जून को सभी जिलों में सांसदों, मंत्रियों, विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों की ओर से मीडिया के माध्यम से केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसी तरह बैठक में प्रत्येक जिले में होने वाली प्रबुद्ध जन मीट और 12 से 16 जून तक मंडल स्तर पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा की तैयारियों पर चर्चा की गई।

वहीं शहरों में शक्ति केंद्र अनुसार मोहल्ला चौपाल और गांव में पंचायत चौपाल में जनसहभागिता के साथ विकसित भारत संकल्प लिए जाने की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही विधानसभा स्तर पर होने वाले बहुउद्देशीय पंजीकरण शिविर का लाभ अधिक से अधिक लोगों को हो, उसके लिए मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका सुनिश्चित की गई। वहीं डिजिटल प्रतियोगिता के तहत सभी जिलों में वीडियो एवं चित्रात्मक ग्राफिक्स इवेंट और प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार की गई।

इस अवसर अपने संबोधन में अजेय कुमार ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का अमृत काल सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के साथ आगे बढ़ रहा है। हमें केंद्र सरकार के 11 वर्ष और राज्य सरकार की उपलब्धियां को मंडल एवं बूथ स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों से जन-जन तक पहुंचना है। इस अभियान की सफलता के लिए मीडिया एवं सोशल मीडिया की भूमिका को बेहद अहम बताते हुई सौ फीसदी योगदान का आह्वान किया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान द्वारा संचालित इस वर्चुअल बैठक में पार्टी मुख्यालय से प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी नवीन ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, राजीव तलवार, करुण दत्ता शामिल हुए। वहीं प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, मधु भट्ट, कमलेश रमन, हनी पाठक, सुनीता विद्यार्थी, मानिक निधि शर्मा, डाक्टर देवेंद्र भसीन, राजेश्वर पैन्यूली, डाक्टर आर पी रतूड़ी समेत जिला मीडिया प्रभारी, मीडिया पैनलिस्ट एवं सोशल मीडिया पदाधिकारी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए।

——

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top