
– अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली के 11 खेल परिसरों में योग दिवस का आयोजन होगा
नई दिल्ली, 7 जून (Udaipur Kiran) । दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और एक पेड़ मां के नाम-2.0 कार्यक्रमों की तैयारियों की दिल्ली सचिवालय में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। शिक्षा मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार पहली बार भारत सरकार के साथ मिलकर आधिकारिक तौर पर दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन कर रही है। यह 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। इसलिए यह योग दिवस दिल्ली के विभिन्न 11 प्रमुख स्टेडियम/ खेल परिसरों ( त्यागराज स्टेडियम, ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स, झिलमिल कॉलोनी, बवाना, पहलादपुर, भारत नगर, यमुना बैंक, नजफगढ़ स्टेडियम, द्वारका सेक्टर-6, अशोक नगर हॉकी स्टेडियम) में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर योग परिसर पर किसी एक मंत्री को जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव दिल्ली सरकार के अलावा शिक्षा निदेशालय, राजस्व विभाग, ऊर्जा विभाग, पर्यावरण, वन, दिल्ली नगर निगम और फायर विभाग के आला अधिकारियों ने भाग लिया।
सूद ने यह भी कहा कि इस योग दिवस का मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और समुदाय के बीच योग के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। इस आयोजन में लगभग 20, 000 प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। इनमें दिल्ली सरकार के विद्यालयों के छात्र, शिक्षक, योग प्रशिक्षक, एनएसएस/एनसीसी कैडेट्स, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स आदि शामिल होंगे। मुख्य आयोजन स्थल के रूप में छत्रसाल स्टेडियम का चयन किया गया है जहां लगभग 10,000 प्रतिभागी योगाभ्यास में भाग लेंगे। इसमें भारतीय योग संस्थान के 5,000 स्वयंसेवक होंगे। इसके अतिरिक्त अन्य 10 स्थानों में प्रत्येक परिसर में 1,000 प्रतिभागी शामिल होंगे।
मंत्री ने बैठक में उपस्थित सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह स्कूल, कॉलेज समाज के सभी वर्ग के लोगों, योग प्रशिक्षक, सभी सरकारी कार्यलयों के प्रमुखों को योग दिवस के लिए पत्र लिखकर आमंत्रित करें और उनको योग के लिए प्रोत्साहित भी करें। सूद ने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण edudel.nic.in वेबसाइट पर किया जाएगा।
“एक पेड़ मां के नाम-2.0 अभियान के बारे में मंत्री ने बताया की यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को एक साथ सांझा करने का प्रयास है। “एक पेड़ मां के नाम-2.0 अभियान ने अपने पहले चरण में सफलता की नई ऊंचाइयों को छूआ है। इस अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुद्ध जयंती पार्क दिल्ली में पीपल का पौधा लगाकर की गई।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 9 जून सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शालीमार बाग स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय में पौधारोपण करेंगी। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0 के अंतर्गत भारत सरकार का 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार भी वर्ष 2025- 26 में 3 लाख 70 हजार पौधे जिनमें 1 लाख पौध, 2 लाख झाड़ियां तथा 70 हजार बांस के पौध स्कूलों में मैन रोड के आस पास तथा बड़े-बड़े पार्कों आदि में लगाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान को जनभागिता अभियान बनाना है। यह अभियान जून, जुलाई और अगस्त तक चलाया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
