CRIME

जींद: कंपनी के दो निदेशकों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज,सवा करोड़ रुपये हड़पने का आरोप

सिविल लाइन थाना।

जींद, 7 जून (Udaipur Kiran) । सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के दो निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। निदेशकों पर आरोप है कि दोनों ने एक करोड़ 32 लाख 69 हजार 193 रुपये उधार लिए, लेकिन वापस नहीं लौटाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शनिवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि अर्बन एस्टेट निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी परफेक्ट इंफ्रा माइस कंपनी है। वर्ष 2023 में जेडीसीसी टेक्रो प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक गुरूग्राम निवासी संदीप गिरी तथा दिल्ली निवासी भाग्यश्री ने उससे संपर्क किया। दोनों ने बताया कि वे आधा दर्जन कंपनियों के निदेशक हैं। जिस पर आरोपितों ने विश्वास दिलाते हुए अपने झांसे में ले लिया और कंपनियों में सांझेदारी का भी ऑफर किया।

परियोजना में शामिल होने पर मुनाफे का झांसा भी दिया। आरोपितों ने कंपनी को रुपये की सख्त जरूरत बताया और उधार राशि मांगी। जिस पर उसने आरोपितों के खाते में एक करोड़ 64 लाख 44 हजार 758 रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपितों ने केवल 31 लाख 75 हजार 565 रुपये वापस लौटाए। आरोपितों की तरफ उसके एक करोड़ 32 लाख 69 हजार 193 रुपये बकाया रह गए। आरोपितों ने उसे बताया कि परियोजना पर कार्य चला हुआ है। जल्दी ही राशि का भुगतान कर देंगे। बाद में आरोपितों ने बताया कि परियोजना में उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। जब उसने दबाव डाला तो आरोपितों ने उसे बकाया राशि का चैक दे दिया। साथ ही आरोपितों ने अपील की कि एक माह तक वह बैंक में चैक न लगाए।

समय सीमा बीत जाने के बाद उसने गत 21 मई को चैक बैंक में लगा दिया। बैंक ने आरोपितों का खाता बंद होने के कारण उसे वापस कर दिया। छानबीन में सामने आया कि आरोपितों ने 19 अप्रैल को अपना खाता ब्लॉक करवा दिया था, जिससे साफ जाहिर है कि आरोपितों ने साजिश के तहत उसकी राशि को हड़पा है।

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top