Haryana

कांग्रेस ने परिवार को दी थी प्राथमिकता, जनता को किया नजरअंदाज : नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का अभिनंदन करते पूर्व मंत्री एवं सांसद

– डीएससी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

– 11 जून को सिरसा में मनाई जाएगी संत कबीर जयंती

चंडीगढ़, 7 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 वर्षों के कार्यकाल के दौरान गरीब, श्रमिक और वंचित वर्ग के लोगों को जो सम्मान और अधिकार दिए हैं, वह कांग्रेस कभी नहीं दे पाई। कांग्रेस ने हमेशा अपने परिवार के हितों को प्राथमिकता दी और आम जनता, समाज और देश की चिंता नहीं की। कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए आम जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी की और अब जनता ने उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा कर दिया है।

मुख्यमंत्री शनिवार को संत कबीर कुटीर पर प्रदेशभर से आए डीएससी समाज के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डीएससी समाज के लोगों ने आरक्षण में वर्गीकरण को लागू करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को 11 जून को सिरसा में मनाई जाने वाली संत कबीर जयंती के लिए भी निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में जो लगभग 3,500 भर्तियों की घोषणा हुई है, उसमें 605 पद डीएससी समाज के लिए और 604 पद अन्य अनुसूचित जातियों के लिए हैं। यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि डीएससी समाज ने काफी संघर्ष किया और आज उस संघर्ष के सुखद परिणाम सामने आए हैं। इससे हमारी आने वाली पीढिय़ां सशक्त और मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया कि यदि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान खत्म हो जाएगा। जबकि सच्चाई तो यह है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संविधान और अधिक सशक्त हुआ है।

सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण बेदी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना करते हुए कहा कि डीएससी समाज की 60-70 वर्षों की पीड़ा और तड़प को समाप्त कर मुख्यमंत्री ने उन्हें जो अधिकार दिया है, वो ऐतिहासिक और युग परिवर्तनकारी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नीति या निर्णय नहीं था, बल्कि ये शोषितों और वंचितों के सम्मान की रक्षा के लिए उठाया गया साहसिक कदम था।

इस मौके पर विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि, अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रविंद्र बलियाला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, स्वामी स्वदेश कबीर, पूर्व मंत्री बिशम्बर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री जगदीश नय्यर, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित डीएससी समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top