
— पिता ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
हाथरस, 07 जून (Udaipur Kiran) । शहर के अलीगढ़ रोड स्थित शूज शोरूम के 23 वर्षीय मैनेजर भुवनेश उर्फ रजत ने गोदाम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना आज दोपहर करीब 1 बजे की है।
रजत शोरूम के गोदाम में गए और वापस नहीं लौटे। कर्मचारियों को चिंता हुई, तो एक कर्मचारी गोदाम में गया। उसने रजत को फांसी के फंदे पर लटका पाया। आगरा के कालिंदी बिहार कोतवाली क्षेत्र के शाहदरा निवासी रजत रोजाना हाथरस से आगरा का सफर करते थे। करीब 6 महीने पहले खुले इस शोरूम में वह मैनेजर थे। पूछताछ में शोरूम के एक कर्मचारी रुपेश ने बताया कि रजत का एक लड़की से अफेयर था। इस वजह से वह अक्सर परेशान रहते थे। घटना के दिन भी उनकी प्रेमिका से बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह तनाव में थे। कुछ दिन पहले उनका दूसरे स्टेट में ट्रांसफर किया गया था। इससे नाखुश होकर उन्होंने इस्तीफा भी दे दिया था। इससे भी वह परेशान थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया। इधर मृतक के पिता ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। पूरे मामले की जांच पड़ताल होनी चाहिए। मेरा बेटा तो आज राजी खुशी अपने घर से ड्यूटी पर आया था।
—————
(Udaipur Kiran) / मदन मोहन राना
