
उज्जैन, 7 जून (Udaipur Kiran) । भारत सरकार के शिक्षा व कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने उज्जैन प्रवास के दौरान महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन किया। वे प्रात:कालीन भस्म आरती में शामिल हुए और भगवान महाकालेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया। प्रधान करीब दो घंटे भस्म आरती में रहे और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर की पवित्र और आध्यात्मिक वातावरण में उन्होंने भगवान महाकाल से देश की समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार सुबह अपनी धर्मपत्नी मृदुला प्रधान के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने प्रातः 4 बजे होने वाली विश्वप्रसिद्ध भस्म आरती में भाग लिया और बाबा महाकाल के साकार स्वरूप के दर्शन किए। भस्म आरती में शामिल होने के लिए वे धोती और सोले के पारम्परिक परिधान में नजर आए। भस्म आरती के दौरान प्रधान शिव जाप करते रहे। बाद में प्रधान ने भगवान शिव और नंदी को जल अर्पित किया।
धर्मेंद्र प्रधान ने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया। पूजन के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। आरती के बाद पूजन अर्चन पुजारी जितेंद्र शर्मा द्वारा सम्पन्न कराया गया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा को पूर्ण किया, जिसमें मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पूरी श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। पूजन के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत किया और भगवान महाकाल के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त किया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आशीष दुबे व अभिषेक शर्मा ने प्रधान का स्वागत एवं सत्कार किया।उन्हें मंदिर की ओर से प्रसाद, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। स्वागत के दौरान समिति ने मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मंदिर की प्राचीन परंपराओं और धार्मिक महत्व के बारे में भी अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की भी सराहना की।
धर्मेंद्र प्रधान ने इस अवसर पर कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उज्जैन देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक है और यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। महाकालेश्वर मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
