
आरोपित अमित पाठक और आनंद पांडेय पर पीड़ित महिला ने लगाए गंभीर आरोप,भाजपा के स्थानीय नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पर बोला हमला
वाराणसी, 06 जून (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के दो करीबी सहयोगियों—अमित पाठक और आनंद पांडेय—को चेतगंज पुलिस ने गंभीर आरोपों के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा संख्या 102/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें लूट, जबरन वसूली, छेड़खानी, धमकी और अभद्रता जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
चेतगंज पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली), 457 (रात्रि में घर में घुसना), 392 (लूट), 504 (अशिष्ट शब्दों द्वारा अपमान), और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में अमित पाठक को अजय राय का निजी सचिव और आनंद पांडेय को निजी अंगरक्षक बताया जा रहा है। पीड़िता, जो चेतगंज थाना क्षेत्र के सराय गोवर्धन की निवासी है, ने दोनों आरोपितों पर लूटपाट, धमकाने और बेटियों के साथ छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद स्थानीय भाजपा नेता सुधीर सिंह के नेतृत्व में सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को घेरने की मुहिम तेज हो गई है। वहीं, कांग्रेस की ओर से वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि पीड़िता द्वारा दर्ज कराया गया मुकदमा फर्जी है और इसका उद्देश्य प्रदेश अध्यक्ष की छवि को धूमिल करना है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
