
नई दिल्ली, 6 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। चुघ ने कहा कि दोनों दलों ने वीआईपी कल्चर के खिलाफ वोट मांगे थे, लेकिन अब सच सामने है। जिसे मिस्टर क्लीन कहा जाता था, वही अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले में प्रमुख आरोपित पाए गए। जो खुद को वीआईपी कल्चर का विरोधी बताते हैं, वही पंजाब में विपश्यना करने सौ गाड़ियों के काफिले में पहुंचते हैं, अब वही भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर बाहर नेता पंजाब को कब्जे में लेकर इसके संसाधनों का शोषण कर रहे हैं।
चुघ ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि सत्ता की भूख इतनी है कि केजरीवाल ने जेल में रहते हुए भी इस्तीफा नहीं दिया। उन्हें कोर्ट ने सशर्त जमानत दी कि वे मुख्यमंत्री ऑफिस नहीं जाएंगे और सरकारी बैठकें नहीं करेंगे।
चुघ ने कहा कि पंजाब की जनता ने जिस भगवंत मान पर भरोसा किया था, उन्होंने अपनी सरकार को केजरीवाल और उनके जमानती टोली के हवाले कर दिया है। यही नेता अब “युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान का चेहरा बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यह पाखंड की चरमसीमा है कि दिल्ली शराब घोटाले के आरोपित अब पंजाब में नशे पर भाषण दे रहे हैं, पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। हर दिन कहीं ग्रेनेड हमला, कहीं फायरिंग, कहीं खुलेआम झगड़े- और मुख्यमंत्री हमारे सुरक्षा बलों की बहादुरी का मज़ाक उड़ाने में व्यस्त हैं। सिर्फ इतना ही नहीं पहलगाम में हुए निर्दोषों की हत्या पर भी हल्की और अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर पर चुग ने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान की बात है कि हमारी सेनाएं पाकिस्तान के अंदर 100 किलोमीटर तक जाकर आतंक के ठिकानों पर प्रहार करती हैं, लेकिन कांग्रेस और आआपा नेताओं द्वारा लगातार ऑपरेशन और वीर सैनिको के पराक्रम पर सवाल उठाना बेहद शर्मनाक है। इसका जवाब लुधियाना की जनता जरूर देगी।
चुघ ने कहा कि तीन साल से ज़्यादा हो गए, लेकिन आआपा का एक भी वादा ज़मीन पर नहीं दिखता। हर घर नौकरी का वादा किया गया था, लेकिन युवा विदेश और दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। किसानों का कर्ज माफ करने की बात थी, आज तक एक भी कर्ज माफ नहीं हुआ। महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने का वादा था, 38 महीने बीत चुके हैं, अब तक कोई अमल नहीं किया। चुघ ने कहा कि आआपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दिल्ली में गठबंधन और पंजाब में दिखावटी लड़ाई। यह सब एक भ्रम है, जो अब पंजाब की जनता की समझ में आ चुका है।
————
(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी
